
110 की रफ्तार बनी काल! उरई में तेज रफ्तार कार ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, दो की मौके पर मौत
उरई: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुधवार को औरैया-जालौन हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कुठौंद थाना क्षेत्र में करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही ब्रेजा कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पेट्रोल भरवाकर हाईवे पर चढ़ते ही हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सिरसा कलार थाना क्षेत्र के जखा गांव निवासी 35 वर्षीय कुलदीप, 32 वर्षीय छोटे खान उर्फ कुंदन और 24 वर्षीय कमलेश एक ही बाइक पर सवार होकर मदारीपुर बाजार खरीदारी के लिए आए थे। तीनों ने ग्राम मदारीपुर स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाया। इसके बाद जैसे ही वे औरैया-जालौन राजमार्ग पर चढ़ने के लिए बाइक मोड़ रहे थे, तभी जालौन की ओर जा रही तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
100 मीटर तक घसीटती रही कार, चालक मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटती रही। आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों ने शोर मचाया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। कुछ दूरी पर कार रोककर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दो लोगों की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल
हादसे के समय बाइक पर तीन लोग सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने पहले जालौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



