
रांची: झारखंड के लोहरदगा जिले में एक निजी स्कूल के गर्ल्स हॉस्टल में दर्दनाक हादसा सामने आया है। कुडू थाना क्षेत्र के रोचो महुआटोली स्थित आवासीय विद्यालय के छात्रावास में जहरीले करैत सांप के डंसने से 13 वर्षीय छात्रा वर्षा उरांव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात में कमरे में घुसा जहरीला करैत
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात छात्राएं भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो रही थीं। रात करीब 11 बजे एक जहरीला करैत सांप छात्राओं के कमरे में घुस गया। सबसे पहले उसने सेन्हा थाना क्षेत्र के अलौदी नावाटोली निवासी 13 वर्षीय वर्षा उरांव को डंस लिया।
वर्षा के शोर मचाते ही जागीं छात्राएं
सांप के काटने के बाद वर्षा ने शोर मचाया, जिससे कमरे में मौजूद अन्य छात्राएं जाग गईं। लेकिन तब तक सांप अनिषा उरांव, मनीषा कुमारी और फुलमनिया उरांव को भी डंस चुका था। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने सभी छात्राओं को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में वर्षा ने तोड़ा दम, तीन का इलाज जारी
सर्पदंश से पीड़ित चारों छात्राओं को देर रात लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने वर्षा उरांव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल फुलमनिया उरांव को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अनिषा उरांव और मनीषा कुमारी का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृत छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पिता ने थाने में दी लिखित सूचना
मृत छात्रा वर्षा उरांव के पिता प्रणीम उरांव ने लोहरदगा सदर थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय, रोचो महुआटोली में पढ़ाई करती थी। रात करीब 1:30 बजे विद्यालय के प्राचार्य का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनकी बेटी को सांप ने काट लिया है और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया।



