उत्तर प्रदेशराज्य

लखीमपुर में दर्दनाक हादसा, ट्रांसफार्मर से टकराकर कार में लगी आग; 3 युवकों की जलकर मौत, तीन गंभीर

लखीमपुर: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में देर रात तेज रफ्तार कार बिजली के ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में कार सवार छह युवकों में से तीन की झुलसकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। हादसा खीरी थाना क्षेत्र में सीतापुर-लखीमपुर फोर लेन पर ओयल पुलिस चौकी के पास रात करीब तीन बजे हुआ।

रविवार रात करीब तीन बजे तेज रफ्तार कार सड़क किनारे रखे बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार आग की लपटों में घिरी हुई थी। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह शीशे और गेट तोड़कर कार में फंसे सभी छह युवकों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल मोतीपुर पहुंचाया।

अस्पताल में इलाज के दौरान तीन युवकों ने दम तोड़ दिया। वहीं, तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। मृतक और घायल सभी सदर कोतवाली लखीमपुर क्षेत्र के रहने वाले थे और आपस में दोस्त बताए गए हैं।

पुलिस ने शीशे और गेट तोड़कर सभी को बाहर निकाला

इंस्पेक्टर खीरी अविनाश सिंह के मुताबिक, हादसा ओयल कस्बे की पुलिस चौकी के पास हुआ। रात करीब तीन बजे एक कार सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर से टकरा गई थी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। पुलिस के पहुंचने तक वाहन जल रहा था।

पुलिस ने किसी तरह कार का शीशा और गेट तोड़कर उसमें सवार सभी लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल मोतीपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस हादसे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

हादसे में इन तीन युवकों की हुई मौत

मृतकों की पहचान आयुष कुमार निवासी शिव कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर, शिवा सिंह निवासी राजापुर, थाना कोतवाली सदर और आकाश वर्मा निवासी पिपरिया बाईपास, थाना सदर के रूप में हुई है।

वहीं, लखनऊ रेफर किए गए घायलों की पहचान पीयूष सिंह निवासी शिव कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर, अमन वर्मा निवासी शिव कॉलोनी और उत्कर्ष के रूप में हुई है।

सीतापुर जाते समय अनियंत्रित हुई थी कार

घायल युवकों ने पुलिस को बताया कि वे कार से सीतापुर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित हो गई और ओयल पुलिस चौकी के पास सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर लगते ही कार में आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुलिस ने पहुंचकर सभी को वाहन से बाहर निकाला।

Related Articles

Back to top button