उत्तर प्रदेशराज्य

‘पैसों के अभाव में नहीं रुकेगा इलाज’… जनता दर्शन में सीएम योगी का बड़ा भरोसा, गंभीर बीमारियों के उपचार में हरसंभव मदद का ऐलान

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए भरोसा दिलाया कि गंभीर बीमारियों के इलाज में उत्तर प्रदेश सरकार हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद का इलाज केवल पैसों की कमी की वजह से नहीं रुकने दिया जाएगा और सरकार हर पात्र व्यक्ति की मदद के लिए प्रतिबद्ध है।

गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।

पारिवारिक विवादों के मामलों में मुख्यमंत्री ने पहले आपसी संवाद के माध्यम से समाधान निकालने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हो, तभी विधिक प्रक्रिया अपनाई जाए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता, गुणवत्ता और संतोषजनक तरीके से किया जाए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए तुरंत मिलेगी आर्थिक सहायता

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि धन की कमी किसी मरीज के इलाज में बाधा नहीं बनने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्च स्तरीय उपचार पर आने वाले खर्च का शीघ्र आकलन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकार तत्काल आर्थिक सहायता जारी कर सके।

पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड समयबद्ध तरीके से बनाए जाएं, ताकि जरूरतमंदों को इलाज के दौरान किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button