फिलीपींस में ट्रेनिंग के दौरान हवा में टकराए वायुसेना के दो विमान, चार पायलटों की मौत; पूरे बेड़े की उड़ानें रोकी गईं

नई दिल्ली: फिलीपींस में वायुसेना के दो प्रशिक्षण विमान हवा में टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में चार पायलटों की मौत हो गई। दुर्घटना बातांगास प्रांत स्थित फर्नांडो एयर बेस पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों SF-260 विमान एयर बेस परिसर के भीतर ही गिर गए। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलीपीन वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एहतियाती कदम उठाते हुए सभी SF-260 प्रशिक्षण विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। यह रोक जांच पूरी होने तक लागू रहेगी।
पहले भी हो चुका है SF-260 विमान हादसा
फिलीपींस में इसी साल मई में भी SF-260 प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उत्तरी फिलीपींस के पहाड़ी इलाके में हुए उस हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही विमान दुर्घटनाओं के बीच मौजूदा हादसे की जांच के नतीजों पर नजर रहेगी।



