अपराधझारखण्ड

दो साल का रिश्ता, शादी का दबाव और फिर खौफनाक वारदात, 7 महीने की गर्भवती प्रेमिका का गला रेतकर हत्या

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में सात महीने की गर्भवती 19 वर्षीय महिला की कथित तौर पर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महिला आरोपी के साथ दो साल से अधिक समय से रिश्ते में थी। शादी का दबाव बनाने के बाद आरोपी ने उसे जंगल में ले जाकर धारदार हथियार से गला रेत दिया। पुलिस ने आरोपी 20 वर्षीय सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला रविवार को सामने आया, जब मुरहू थाना क्षेत्र के पंगुरा गांव के पास जंगल से सिनीता सारुकड का शव बरामद हुआ। सिनीता खूंटी जिले के आर्की थाना क्षेत्र के बरुहातु गांव की रहने वाली थी।

चार सितंबर को जंगल ले जाकर की हत्या

खूंटी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि सिनीता सात महीने की गर्भवती थी और आरोपी के साथ दो साल से ज्यादा समय से संबंध में थी। पुलिस के अनुसार, चार सितंबर को सागर उसे जंगल की ओर ले गया। वहां उसने धारदार हथियार दौली से सिनीता का गला रेत दिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूली हत्या की बात

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करने की बात स्वीकार की है। जांच अधिकारियों के अनुसार, सागर ने बताया कि सिनीता उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी। वहीं, वह उससे अलग होना चाहता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब दो महीने पहले आदिवासी ‘धुकू’ रीति-रिवाज के तहत एक अन्य महिला को अपने घर ले आया था।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद कर लिया है। मामले में मुरहू थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button