हरियाणा

NEET विवाद के बीच कुरुक्षेत्र पहुंचे केंद्रीय शिक्षा मंत्री, RSS संग 6 घंटे की बैठक, मीडिया के सवालों पर साधी चुप्पी

कुरुक्षेत्र: देशभर में नीट परीक्षा को लेकर जारी विवाद और विपक्ष की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के बीच उनका हरियाणा के कुरुक्षेत्र दौरा चर्चा का केंद्र बन गया। शुक्रवार को उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ करीब छह घंटे तक बंद कमरे में बैठक की। इसके बाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल हुए और शाम को पत्नी मृदुला प्रधान के साथ श्री देवीकूप भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की।

मीडिया के सवालों पर नहीं दिया कोई जवाब

दौरे के दौरान पत्रकारों ने नीट विवाद और देशभर में चल रहे छात्र आंदोलनों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने हाथ जोड़कर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी राजनीतिक या शिक्षा से जुड़े विवाद पर सार्वजनिक बयान नहीं दिया।

भद्रकाली मंदिर में की पूजा, चांदी के घोड़े किए अर्पित

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने हरियाणा के एकमात्र शक्तिपीठ श्री देवीकूप भद्रकाली मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मन्नत पूरी होने पर चांदी के घोड़े अर्पित किए। मंदिर के पीठाध्यक्ष पंडित सतपाल शर्मा ने उन्हें चुनरी और प्रसाद भेंट कर आशीर्वाद दिया। उनकी पत्नी मृदुला प्रधान ने भी मंदिर परिसर में पूजा की और कुछ समय तक माला जपकर प्रार्थना की।

आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक

सुबह केंद्रीय मंत्री गीता निकेतन आवासीय विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ करीब छह घंटे तक बंद कमरे में बैठक की। बैठक की पूर्व सूचना सार्वजनिक नहीं की गई थी और इसमें किन विषयों पर चर्चा हुई, इसकी भी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।

एनआईटी कुरुक्षेत्र में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

आरएसएस की बैठक के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री एनआईटी कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने संस्थान के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सूत्रों के मुताबिक बैठक में संस्थान के प्रशासनिक मामलों, निदेशक से जुड़े विवाद, प्रशासनिक अधिकारों में बदलाव और हाल के छात्र आत्महत्या के मामलों सहित कई विषयों पर चर्चा हुई। हालांकि बैठक के बाद शिक्षा मंत्रालय और एनआईटी प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

नीट विवाद के बीच दौरा बना चर्चा का विषय

देशभर में नीट परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बहस जारी है। ऐसे समय में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के कुरुक्षेत्र दौरे के दौरान प्रशासनिक और धार्मिक कार्यक्रम तो हुए, लेकिन मीडिया के सवालों पर उनकी चुप्पी भी चर्चा का विषय बनी रही। सरकार की ओर से इन मुद्दों पर आगे की रणनीति और आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button