टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराष्ट्रीय

अभी-अभी: डेंगू से पीड़ित बीजेपी के इस बड़े नेता की मौत, दिल्ली में चल रहा था इलाज

आगरा के भाजपा जिला उपाध्यक्ष ब्रजमोहन जोशी का निधन हो गया। वो डेंगू से पीड़ित थे। उनका इलाज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा था। रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

बाह के शाहपुर ब्राह्मण गांव के मूल निवासी ब्रजमोहन जोशी को पिछले 10 दिन से बुखार आ रहा था। जोशी परिवार सहित दिल्ली में रहते थे। उनका चांदनी चौक पर साड़ी का शोरूम है। आगरा के शमसाबाद रोड पर भी उनका मकान है।

उनके बेटे मोहित जोशी ने बताया कि सात नवंबर को तबियत में सुधार न होने पर शनिवार को दिल्ली करोल बाग स्थित बीएल कपूर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। पिताजी की प्लेटलेट्स लगातार कम हो रही थी।

मृत घोषित होने के बाद धड़कने लगा था दिल

गुरुवार को प्लेटलेट्स महज छह हजार रह गई। शुक्रवार को डॉक्टरों ने बताया कि दिमाग में ब्लीडिंग (ब्रेन हेमरेज) शुरू हो गई है। ऐसे में इनको राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इससे पहले दिल्ली करोल बाग स्थित बीएल कपूर हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने भाजपा नेता को मृत घोषित कर दिया था। परिजन एंबुलेंस में उनको घर लेकर आ रहे थे। रास्ते में एंबुलेंस स्टाफ में शामिल डॉक्टर ने बताया कि इनकी हार्ट बीट चल रही है।

ये सुनकर परिजनों ने बृजमोहन जोशी को तत्काल राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही थी। परिजन और भाजपाई उनके स्वास्थ्य के लिए दुआएं कर रहे थे, लेकिन रविवार को भाजपा नेता ने दम तोड़ दिया।

बृजमोहन जोशी के निधन से भाजपाइयों में शोक की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में आगरा से भाजपा नेता दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। बृजमोहन जोशी के पुत्र मोहित जोशी ने बताया कि अंतिम संस्कार दिल्ली में ही किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button