उत्तर प्रदेश

ताजमहल पर संगीत सोम ने दिया विवादित बयान, बोले बोले

उत्तर प्रदेश के सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम ने ताज महल को लेकर विवादित बयान दिया है। संगीत सोम ने दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल को लेकर चल रहे विवाद में कहा कि कुछ लोगों को बहुत दर्द हुआ जब ताजमहल का नाम देश के ऐतिहासिक स्थलों में से निकाल दिया गया। उन्होंने ताज को भारतीय संस्कृति पर धब्बा बताया है। सोम ने कहा कि ये कैसा इतिहास, किस काम का इतिहास जिस में अपने पिता को ही कैद कर डाला था। इन लोगों ने हिंदुस्तान में हिन्दुओं का सर्वनाश किया था। संगीत सोम बोले कि अब भाजपा सरकार देश के इतिहास से बाबर, अकबर और औरंगजेब की कलंक कथा को इतिहास से निकालने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश का इतिहास अब तक बिगड़ा हुआ था उसे सुधारने का काम भारतीय जनता पार्टी कर रही है। यहां एक तरफ भगवान शिव, भगवान राम और भगवान कृष्ण का अवतार हुआ तो दुर्भाग्य से यहां बाबर और अकबर का अवतार भी हुआ।

राज्य सरकार के पर्यटन विभाग ने बीते दिनों ऐतिहासिक धरोहरों और स्थलों की एक सूची जारी की थी, जिसमें आगरा के ताज महल का नाम नहीं था। बाद में सरकार की उस पर सफाई आई थी कि वह गलती से उस सूची में शामिल किए जाने से रह गया था। राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया पर योगी सरकार की इस बाबत खूब आलोचना हुई थी। विधायक संगीत सोम ने कहा कि कुछ देश के गद्दार कहते है कि वह वंदे मात्रम नहीं बोलेंगे, ऐसे लोगों को देश से बाहर कर देना चाहिए। आजम खां, आजमी, सिद्दकी, ओवैसी जैसे लोग आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। यह आतंकवादियों को अपना रिश्तेदार तक बता रहे हैं। आजम खां ने सपा सरकार में पैसा बटोर कर रामपुर में आतंकियों को बढ़ाया है। वहां जौहर यूनिवर्सिटी में करोड़ों रुपये की बरबादी कर सरकार पर बोझ बढ़ाया है।

Related Articles

Back to top button