अद्धयात्मजीवनशैलीराष्ट्रीय

नहाय, खाय के साथ छठ पर्व आज से शुरू, नदी घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता

नई दिल्ली : विशेष तौर पर पूर्वोत्तर भारत के साथ देश भर में छठ पर्व उत्साह से मनाया जा रहा है। चार दिन तक चलने वाला यह पर्व चार दिन तक चलेगा। वहीँ लोक आस्था के महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान आज से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। व्रती सुबह से ही गंगा सहित नदी घाटों पर उमड़ रहे हैं। वहां स्‍नान-ध्‍यान-दान का सिलसिला जारी है। आगे सोमवार को लोहंडा-खरना होगा। फिर, मंगलवार को भगवान भास्‍कर को सायंकालीन व बुधवार को प्रात:कालीन अर्घ्‍य दिए जाएंगे। व्रती गंगा सहित विभिन्‍न नदियों व तालाबों के घाटों पर अर्ध्‍य प्रदान करेंगी। व्रतियों ने जगह-जगह अपने घरों के बाहर तथा छतों पर भी छठ व्रत करने की तैयारी की है। चार दिवसीय अनुष्ठान में ग्रह-गोचरों का शुभ संयोग बन रहा है। रविवार को नहाय-खाय से षष्ठी व्रत का आरंभ होना व्रती के लिए शुभ फल देने वाला है। षष्ठी व्रत का आरंभ रवि योग व सर्वार्थ सिद्धि योग में होने से कार्तिक छठ व्रत का महात्म्य और बढ़ गया है। ऐसा संयोग काफी वर्षों बाद आया है कि रविवार के दिन से चार दिवसीय व्रत का आरंभ हो रहा है। सायंकालीन अर्घ्य मंगलवार को उतरा खाड नक्षत्र में गंड एवं अमृत योग में पड़ेगा। बुधवार की सुबह में प्रात:कालीन अर्घ्य का समय उदया तिथि में गंड व छत्र योग में पड़ेगा। कर्मकांड विशेषज्ञ पंडित राकेश झा ने कहा कि सूर्य को अर्घ्य देने से कई जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं। साथ ही यह निरोगी काया एवं सभी मनोरथ को पूर्ण करने वाला होता है। पंडित झा ने कहा कि भगवान सूर्य को अर्घ्‍य देने के दौरान व्रती पीतल व तांबे के पात्रों का प्रयोग करें।

इसके अलावा किसी प्रकार के बर्तनों का प्रयोग करना वर्जित माना गया है। पीतल के पात्रों से दूध का अर्घ्य देना सही है, वहीं तांबे के पात्र में जल से अर्घ्‍य देना चाहिए। छठ व्रत करने वालों पर भगवान सूर्य और षष्ठी माता की कृपा बनी रहती है। मान्यता है कि नहाय-खाए से लेकर पारण तक व्रती पर भगवान सूर्य अपना आशीष प्रदान करते हैं। श्रद्धा पूर्वक व्रत करने वाले व्रती का आशीष लेने के लिए अपने व्यवहार और आचरण को शुद्ध बनाए रखने की जरूरत है। पंडित बुद्धन ओझा ने स्कंद पुराण के हवाले से कहा कि सूर्य षष्ठी का व्रत आरोग्य प्राप्ति के साथ सौभाग्य एवं संतान की कुशलता के लिए रखा जाता है। पंडित दीपक ओझा ने बताया कि षष्ठी देवी भगवान भास्कर की मानस बहन हैं। यही कारण है कि भगवान भास्कर के साथ उनकी बहन षष्ठी देवी की पूजा होती है। आचार्य विनोद झा ने कहा कि ग्रहों के बारे जानकारी देते हुए कहा कि जब तिथियों के बंटवारा हो रहा था तब सूर्य को सप्तमी तिथि प्रदान की गई।
छठ व्रत के शुभ मुहूर्त
नहाय-खाए – 11 नवंबर, दिन रविवार
खरना – 12 नवंबर, दिन सोमवार
सायंकालीन अर्घ्‍य – 13 नवंबर (मंगलवार), शाम 5.25 बजे तक
प्रात:कालीन अर्घ्‍य व पारण – 14 नवंबर (बुधवार), सुबह 6.35 से आरंभ
भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व छठ में प्रयोग होने वाले सामग्रियों की अपनी विशेषता और महत्ता है। सूर्य को अर्घ्य देने एवं पूजन सामग्री रखने के लिए सूप का प्रयोग किया जाता है। बांस से बने सूप का प्रयोग किया जाता है। सूर्य से वंश में वृद्धि होने के साथ उसकी रक्षा के लिए बांस से बने सामग्री का प्रयोग पूजन के दौरान किया जाता है। वहीं अर्घ्य के दौरान ईख को रख कर पूजा की जाती है, जो आरोग्यता का सूचक माना जाता है।

Related Articles

Back to top button