ब्रेकिंगराज्य

बस स्टॉप से अगवा कर लॉ छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, सभी 12 आरोपी गिरफ्तार

रांची : झारखंड की राजधानी रांची में एक लॉ छात्रा को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा कांके स्थित एक बस स्टॉप पर अपने दोस्त के साथ बैठी हुई थी। इस दौरान वहां छह की संख्या में आए युवकों ने हथियार के बल पर उसे अगवा कर लिया और पास के संग्रामपुर गांव ले जाकर गैंगरेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अपने छह अन्य साथियों को वहां बुलाया, फिर इन सभी ने भी पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। यह घटना मंगलवार शाम की है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित छात्रा अपने एक दोस्त के साथ बस स्टॉप पर बैठकर बात कर रही थी। इस दौरान एक ऑल्टो कार में सवार छह युवक वहां आये और छात्रा के साथ छेड़खानी करने लगे। आरोपी सभी युवक नशे में थे और उनके पास हथियार भी था। छात्रा के दोस्त ने उसके साथ हो रही छेड़खानी का विरोध किया। इस पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, फिर छात्रा को हथियार के बल पर जबरन कार में बैठाकर पास के गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास ले गए और वहां उसके साथ बारी-बारी से रेप किया। गैंगरेप से पीड़ित छात्रा बेहोश हो गई लेकिन तब भी आरोपियों का दिल नहीं पसीजा।

उन्होंने फोन कर अपने छह अन्य साथियों को वहां बुलाया। इसके बाद आए अन्य युवकों ने भी पीड़िता के साथ गैंगरेप किया, इससे पीड़ित छात्रा फिर बेहोश हो गई, इस दौरान सभी 12 आरोपी वहीं बैठे रहे। पीड़िता के होश में आने के बाद आरोपियों ने उसे वापस बस स्टॉप ले जाकर छोड़ दिया, जहां से उसका अपहरण किया गया था। इसके बाद ये सभी आरोपी फरार हो गए। पीड़ित छात्रा किसी तरह अपने दोस्त की मदद से कांके थाना पहुंची और उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी। कांके थाना प्रभारी विनय सिंह ने आनन-फानन में अपने वरीय पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद रांची के सीनियर एसपी ने आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने पीड़िता के बताए हुलिए के आधार पर सभी 12 आरोपियों को मामला सामने आने के 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Back to top button