उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्यराष्ट्रीयलखनऊ

रोड शो से पहले लखनऊ में पोस्टर, “आ गई बदलाव की आंधी, राहुल संग प्रियंका गांधी”

नई दिल्ली : प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए नवाबों का शहर लखनऊ पूरी तरह से तैयार है। लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय को सजाया गया है, इसके अलावा सड़कों पर भी पोस्टरों से स्वागत की तैयारी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रोड शो करेंगी।

राजनीति में आधिकारिक एंट्री के बाद प्रियंका का ये पहला राजनीतिक दौरा है। प्रियंका के आने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और पूरे लखनऊ को सजा दिया है। प्रियंका का स्वागत धूमधाम से करने की तैयारी है, लखनऊ में स्थित नेहरू भवन से लेकर सड़कों तक प्रियंका और राहुल के पोस्टर से पटे हुए हैं। लखनऊ की सड़कों पर प्रियंका के स्वागत में नए-नए नारे गड़े गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी है।

प्रियंका के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। प्रियंका गांधी वाड्रा सुबह करीब 11 बजे लखनऊ पहुंचेंगी, जहां पर एयरपोर्ट से लेकर कांग्रेस मुख्यालय तक का रोड शो होना है। ये रोड शो करीब 15 किमी। है, प्रियंका के साथ राहुल भी मौजूद होंगे। इस दौरान पूरे रास्ते में कांग्रेस, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के पोस्टर लगे हुए हैं। लखनऊ के नेहरु भवन को भी सजाया गया है, जहां पर प्रियंका के स्वागत की तैयारी है।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी अगले चार दिन इसी दफ्तर में रहेंगी और लोकसभा चुनाव की रणनीति पर काम करेंगी। प्रियंका गांधी यहां पर अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों के नेताओं से मुलाकात करेंगी और आगे की रणनीति बनाएंगी। आपको बता दें कि राहुल गांधी आज का रोड शो और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वापस दिल्ली आएंगे, लेकिन प्रियंका अभी लखनऊ में ही रुकेंगी. लखनऊ की सड़कों पर लगे पोस्टरों में नए-नए नारों को भी गड़ा गया है, जिसमें ‘आ गई बदलाव की आंधी, राहुल संग प्रियंका गांधी’ जैसे नारों को लिखा गया है।

Related Articles

Back to top button