राज्य

लेबर को पैसे देने के लिए बैंक से कैश लेकर आ रहा था किसान, डेढ़ लाख लूटे

अजनाला.धान की फसल लगाने के लिए बैंक से करीब डेढ़ लाख रुपए निकलवा कर घर लौट रहे किसान अंग्रेज सिंह को दो बाइक सवार लुटेरे हथियारों की नोक पर लूट कर फरार हो गए। वारदात शनिवार शाम करीब 5.30 बजे गांव दियाल भड़ंग की है। अंग्रेज सिंह अपनी बाइक पर सवार थे और अपने गांव कमाल पुरा जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही लुटेरों ने उन्हें घेर लिया।
 
हालांकि अंग्रेज सिंह ने लुटेरों को पकड़ने का प्रयास भी किया। बावजूद इसके लुटेरे भाग निकले। वारदात की सूचना मिलने पर थाना झंडेर पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लेकर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
 
कमालपुरा निवासी अंग्रेज सिंह ने बताया कि अपने खेतों लेबर से धान की बिजाई करवा रहे हैं। लेबर को पैसे देने के लिए वह फतेहगढ़ चूड़ियां बैंक से पैसे निकलवाने के लिए सुबह घर से गए थे। रास्ते में किसी रिश्तेदार का घर है। वहां पर रुक गया।
 
शाम करीब पांच बजे रिश्तेदार के घर से पैसे लेकर अपने गांव के लिए निकल पड़ा। डेढ़ लाख रुपए कुर्ते की साइड वाली जेब में रखे थे। जब दियाल भड़ंग गांव के करीब पहुंचा तो पीछे से बाइक पर दो लुटेरे आए और जेब पर हाथ डाल लिया। उन्होंने तुरंत अपनी बाइक रोकी तो लुटेरों ने हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और पैसे छीन ले गए। मौके पर पहुंचे थाना झंडेर के इंचार्ज शमिंदर सिंह ने कहा कि बयान नोट कर केस दर्ज किया जा रहा है। लुटेरों को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button