अन्तर्राष्ट्रीय

37 लोगों के मारे जाने के मामले में सात लोग गिरफ्तार

बमाको: मध्य माली में दो समुदायों के बीच ताजा हिंसा के दौरान हुए हमले में 37 लोगों के मारे जाने के बाद सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। माली सरकार ने इस संबंध में बयान जारी किया है। नागरिक सुरक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार मध्य मोप्ती क्षेत्र में कुलोगोन गांव में नववर्ष के दिन हुए हमले के बाद माली के सैन्य बल घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया। मंत्रालय ने हालांकि गिरफ्तार किए गए लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। मंगलवार को हमले में शामिल हमलावर डोगोन शिकारी बताए जा रहे हैं। मंत्रालय ने कहा सेना का यही मिशन बुरकिना फासो सीमा के नजदीक बोबोसो गांव में भी पहुंचा, जहां आगजनी के बाद एक संदिग्ध की मौत हो गई। इस मामले में 24 लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह हिंसा फुलानी गांव के लोगों द्वारा डोगन समुदाय के लोगों की भूमि पर मवेशी चराने के आरोपों, भूमि और जल के विवाद के बीच भड़की है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक 2018 में इस इलाके में 500 से ज्यादा नागरिक मारे गए हैं। नागरिक रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इन अंतर सांप्रदायिक हिंसक घटनाओं से निपटने के लिये रक्षा मंत्रालय बड़े पैमाने पर अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है।

Related Articles

Back to top button