टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराष्ट्रीय

गलवान घाटी में हिंसक झड़प के दौरान संख्याबल में चार गुना कम थे भारतीय सैनिक

नई दिल्ली : वास्तविक नियंत्रण रेखा पर गलवान घाटी में पैट्रोलिंग पॉइंट नंबर- 14 पर जब चीनी पीपल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिकों ने भारतीय सेना के जवानों पर हमला किया, उस वक्त पीएलए सैनिकों की तादाद भारतीय सैनिकों के मुकाबले पांच गुना थी। मतलब हमारे सैनिक पीएलए सैनिकों के मुकाबले चार गुना कम थी, बावजूद इसके हमारे वीर जवानों ने चीन के दोगुने सैनिक मार गिराए।

छह से सात घंटे तक गलवान नदी के पास चली झड़प के बारे में बात करते हुए भारतीय सेना के एक अधिकारी ने कहा, ‘हमारी संख्या कम थी।’ दोनों पक्षों के बीच सोमवार रात हुई झड़पों के बारे में सरकार के सूत्रों का कहना है कि चीनी सैनिकों ने भारतीय जवानों पर बुरी तरह से हमला किया।

सूत्रों ने बुधवार को कहा, ‘भारतीय सैनिकों के खिलाफ संख्या बढ़ाई गई थी। फिर भी भारतीय पक्ष ने पीएलए से लड़ने का फैसला किया। भारतीय सैनिकों की संख्या चीनी सैनिकों की अपेक्षा 1:5 थी।’ यह भी बताया जा रहा है कि चीन ने भारतीय सैनिकों का पता लगाने के लिए थर्मल इमेजिंग ड्रोन का भी इस्तेमाल किया था। सरकारी सूत्रों ने कहा, ‘हमारी याद में यह चीनी सेना द्वारा भारतीय सेना के जवानों पर किया गया सबसे घातक हमला था।’ सूत्रों ने बताया कि हमले में शहीद हुए कर्नल संतोष बाबू यह देखने के लिए गए थे कि चीनी सैनिक स्टैंड ऑफ स्थिति से हट गए हैं या नहीं क्योंकि ऐसा करने का उनकी ओर से वादा किया गया था। मगर संतोष बाबू उस स्थान पर पहुंचे तो वे वहां लगा शिविर देखकर आश्चर्यचकित थे, तभी पीएलए के सैनिक उग्र हो उठे।

चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों पर बेरहमी से हमला कर दिया। ध्यान रहे कि चीनी सेना की इस दगाबाजी में हमारे 20 सैनिक शहीद हो गए जबकि चीन के 43 सैनिकों के मारे जाने की खबरें आ रही हैं। भारतीय सेना ने कहा कि भारतीय सैनिक उस स्थान पर गए थे, जहां तनाव हुआ था। भारतीय जवान वहां बिना किसी दुश्मनी के चीनी पक्ष के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार के साथ केवल यह जांचने के लिए गए थे कि क्या वे वादे के अनुसार डी-एस्केलेशन समझौते का पालन कर रहे हैं या नहीं।

भारतीय सेना के अधिकारी ने बताया, ‘लेकिन वे फंस गए और उन पर पूरी तरह बर्बर हमला किया गया। उन्होंने भारतीय सैनिकों पर हमला करने के लिए सभी तरह के कंटीले तारों और पत्थरों का इस्तेमाल किया।’ सरकारी सूत्रों ने कहा कि भारतीय सेना के कई जवान गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।

शहीद होने वाले भारतीय जवानों की संख्या में और इजाफा हो सकता है क्योंकि गंभीर रूप से घायल सैनिकों की संख्या 10 से अधिक है। हालांकि, भारतीय सेना के अधिकारी ने संख्या बताने से इनकार कर दिया और सिर्फ इतना कहा कि कई जवान घायल हैं। मंगलवार को भारतीय हेलिकॉप्टरों ने गलवान घाटी में हमले के स्थल से जवानों के पार्थिव शरीर और घायल भारतीय जवानों को लाने के लिए करीब 16 बार उड़ान भरी। भारतीय सेना के जवानों के चार शव बुधवार सुबह गलवान घाटी से लेह लाए गए। भारतीय सेना ने मंगलवार को कहा था कि भारतीय सेना के 20 जवान (जिनमें अधिकारी भी शामिल हैं) सोमवार की रात गलवान घाटी में पीएलए के सैनिकों के साथ एक अभूतपूर्व हिंसक झड़प में शहीद हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button