स्पोर्ट्स

इंग्लैंड के बल्लेबाज स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट में किया कमाल, तोड़ा सहवाग और नाथन एस्टल का रिकॉर्ड, VIDEO भी देंखें

99348-strock-sahwag-700केपटाउन: ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज दोहरा शतक जमाया। इस बायें हाथ के रिकॉर्ड ब्रेकिंग बल्लेबाज ने 30 चौके और 11 छक्के की मदद से 198 गेंदों में 258 रन बनाए। स्टोक्स (258) ने जोनी बेयरस्टॉ (नाबाद 150) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी की जिससे इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन अपना पलड़ा भारी कर दिया। इन दोनों छठे विकेट के लिये 399 रन की साझेदारी करके टेस्ट क्रिकेट में नया रिकॉर्ड बनाया।

न्यूजीलैंड के नाथन एस्टल ने 2001-02 में इंग्लैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में 153 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया था। उनके बाद दूसरा तेज दोहरा शतक का रिकॉर्ड अब स्टोक्स के नाम पर हो गया है। स्टोक्स ने इसके अलावा छठे नंबर के बल्लेबाज के रूप में सबसे सर्वाधिक स्कोर का भी नया रिकॉर्ड बनाया। स्टोक्स ने कैगिसो रबादा पर छक्का जड़कर 250 रन पूरे किये और वह सबसे कम गेंदों पर इस मुकाम पर पहुंचने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने भारत के वीरेंद्र सहवाग का 2009 में श्रीलंका के खिलाफ मुंबई में बनाये गये रिकॉर्ड को 11 गेंदों से तोड़ा।

इससे इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 629 रन बनाकर समाप्त घोषित की। पारी समाप्त की घोषणा किसी भी समय हो सकती थी और स्टोक्स ने अगली गेंद हवा में लहरा दी। डिविलियर्स ने मिड ऑन पर कैच छोड़ दिया लेकिन उन्होंने सीधे थ्रो से स्टोक्स को रन आउट कर दिया। इससे पहले दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के पास स्टोक्स के प्रहारों का कोई जवाब नहीं था। उन्होंने 74 रन से अपनी पारी आगे बढ़ायी और केवल 12 गेंद खेलकर अपना तीसरा टेस्ट शतक पूरा किया। उन्होंने इसके लिये कुल 105 गेंद खेली तथा 16 चौके और एक छक्का लगाया। इसके तुरंत बाद उन्होंने दो सत्र पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में बनाए गए अपने सर्वाधिक स्कोर 120 रन को पीछे छोड़ा। स्टोक्स ने लंच से पहले आज 130 रन बनाये जो कि टेस्ट रिकॉर्ड है। इंग्लैंड ने सुबह 5 विकेट पर 317 रन से आगे खेलना शुरू किया और पहले सत्र में 196 रन जोड़े।

इस रिकॉर्ड का वीडियो भी देखें….

Related Articles

Back to top button