फीचर्डराष्ट्रीय

कांग्रेस-आप के संभावित गठजोड़ से निबटने को भाजपा तैयार

दिल्ली की राजनीति में भाजपा के अलावा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दो महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। कांग्रेस के कुछ शीर्ष नेताओं के सीधे इनकार के बाद भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि अगले आम चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी साथ मिलकर चुनाव लड़ सकती हैं। इस स्थिति को समझते हुए भाजपा अपनी तैयारी में जुटी है। उसने अपने कार्यकर्ताओं के लिए हर बूथ पर 50 फीसदी से अधिक वोट लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पार्टी ने इसके लिए एक रणनीति भी बनाई है जिसके तहत वह अपने इस मंसूबे को जमीन पर उतारने की बात सोच रही है।

कांग्रेस-आप के संभावित गठजोड़ से निबटने को भाजपा तैयार रामलाल ने बनाई जीत की योजना

रविवार को दिल्ली के आईजी स्टेडियम में राजधानी के 13,816 बूथों के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने इसी तरफ इशारा किया। उन्होंने दिसंबर, जनवरी और फरवरी में राजधानी में सघन प्रचार अभियान की योजना बनाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘बूथ जीता, तो चुनाव जीता’ और ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ का नारा दिया। इसके तहत हर बूथ पर पांच मोटरसाइकिल वाले कार्यकर्ता की पहचान करना, हर बूथ पर उन परिवारों से मिलना जो अभी तक भाजपा के वोटर नहीं रहे हैं जैसे अनेक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जा रही है।

तीन राज्यों में हार से ली सबक

मध्यप्रदेश की तर्ज पर फरवरी माह में एक निश्चित दिन पर हर कार्यकर्ता के घर पर भाजपा का झंडा लगाने और कमल दीपोत्सव मनाने की योजना भी बन रही है। महिलाओं के लिए कमल मेंहदी कार्यक्रम तय किया गया है। पिछले दिनों पांच राज्यों में पार्टी की हार से सबक लेने की बात भी कही गई और तय किया गया है कि पिछले चुनावों में हर उस बूथ का गहन अध्ययन किया जायेगा जिस पर भाजपा लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव या नगरनिगम चुनाव में जीतने में असफल रही है।

राष्ट्रीय मुद्दों पर चुनाव

चूंकि 2019 का लोकसभा चुनाव देश का अगला प्रधानमंत्री चुनने के लिए होगा, पार्टी ने अपना पूरा ध्यान राष्ट्रीय बिन्दुओं पर ही केंद्रित किया है। कार्यकर्ताओं से देश की अस्मिता, राष्ट्रवाद, पाकिस्तान पर मोदी सरकार की आक्रामक रणनीति को जनता में बताने को कहा गया है। कार्यकर्ताओं को अमित शाह ने इन मुद्दों से उत्साहित करने की भी कोशिश की कि अमेरिका और इजरायल के बाद अब सिर्फ भारत की गिनती उन देशों में होती है जो अपने स्वाभिमान के लिए दूसरे देशों में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक कर सकते हैं। यानी सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा भी भाजपा के प्रचार एजेंडे में प्रमुखता से दिखने वाला है। पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ने को भी प्रमुखता से उठाने की बात की जा रही है।

केजरीवाल पर निशाना साधने की तैयारी

हालांकि दिल्ली के लिए भाजपा की रणनीति में केजरीवाल सरकार पर वार की योजना भी शामिल है। भाजपा ने केजरीवाल सरकार के हर वायदे को एक ‘झूठ’ करार देने की रणनीति बनाई है। इसमें आम आदमी पार्टी के वायदों और उनकी जमीनी हकीकत जनता को बताने की बात कही गई है। उन्हें जनता में स्वास्थ्य योजना, मुहल्ला क्लीनिक, पेयजल योजना, बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए मार्शल और सीसीटीवी लगाने की योजना और युवाओं को मुफ्त वाई-फाई योजना की पोल खोलने के लिए कहा गया है।

Related Articles

Back to top button