स्पोर्ट्स

चोटिल निकिन तिमैया भारतीय हॉकी टीम से बाहर

दस्तक टाइम्स/एजेंसी:hockey-34-1439304087
बेंगलुरु। भारतीय हॉकी टीम के फारवर्ड निकिन तिमैया कंधे की चोट के कारण हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल्स से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले तीन मैचों की सीरीज से बाहर हो गए है। 
 
तिमैया की जगह मिडफील्डर दानिश मुज्तबा को टीम में शामिल किया गया है। तिमैया के अलावा डिफेंडर गुरमैल सिंह, फारवर्ड सतबीर सिंह और युवराज वाल्मीकि भी 18 सदस्यीय टीम से बाहर हो गए है। 
 
मुज्तबा के अलावा ललित उपाध्याय और तलविन्दर सिंह को भी टीम में शामिल किया गया है। हॉकी इंडिया के चयन समिति के सदस्य हरबिन्दर सिंह ने कहा,” अक्टूबर में न्यूजीलैंड दौरे के दौरान निकिन चोटिल हो गये थे और डाक्टरों ने उन्हें छह सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी है। एस वी सुनील कोठाजीत सिंह के साथ पहले ही न्यूजीलैंड से वापस आ गए थे। सर्वश्रेष्ठ टीम के निर्माण के लिए हम सभी को मौका दे रहे हैं।”
 
टीम निदेशक और मुख्य कोच रोलैंट ओल्टमैंस ने कहा ”टीम के खिलाड़ी राष्ट्रीय कैंप में गजब की एकजुटता दिखा रहे हैं और उनके खेल में भी सुधार देखने को मिल रहा है। टूर्नामेंट से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से हमें अपनी कमजोरियों और ताकत को परखने का मौका मिल जाएगा। हम इसको लेकर उत्साहित हैं और इससे खिलाड़ियों में आत्मविश्वास आया है। हमें टूर्नामेंट में कड़े मुकाबले होने की उम्मीद है और कोशिश रहेगी कि कुछ बेहतर परिणाम दे पाएं।”

 

Related Articles

Back to top button