फीचर्डराष्ट्रीय

छह-सात नए राज्यपाल नियुक्त होंगे : राजनाथ

 Rajnathनई दिल्ली : गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि सरकार अगले 15-20 दिनों में कम से कम छह से सात राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त करने की योजना बना रही है। इन राज्यों में बिहार, पंजाब और असम शामिल हो सकते हैं। बिहार, असम, मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा में राज्यपालों के पद खाली हैं। जबकि पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटिल 21 जनवरी को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल उर्मिला सिंह का पांच साल का कार्यकाल 24 जनवरी को पूरा हो जाएगा। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी बिहार और मेघालय का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं, जबकि नागालैंड के राज्यपाल पीबी आचार्य ने असम और त्रिपुरा का अतिरिक्त प्रभार संभाला हुआ है। इसके अलावा उत्तराखंड के राज्यपाल पॉल के पास मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार है। तमिलनाडु के राज्यपाल के. रोसैया और आेडिशा में उनके समकक्ष एससी जमीर दोनों ही अगले कुछ माह में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ये उन कुछ राज्यपालों में से हैं, जिन्हें पिछली संप्रग सरकार ने नियुक्त किया था और जो राजग की सरकार बनने के बाद भी अपने इन पदों पर बने हुए हैं।
विवाद के चलते कई राज्यपाल दे चुके हैं इस्तीफा : नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के कुछ ही सप्ताह बाद केंद्रीय गृहसचिव अनिल गोस्वामी ने कई राज्यपालों को यह संदेश दिया था कि नई सरकार चाहती है कि वे लोग अपना पद छोड़ दें। इसके बाद संप्रग सरकार द्वारा नियुक्त राज्यपालों शीला दीक्षित (केरल), एम के नारायणन (पश्चिम बंगाल), अश्वनी कुमार (नागालैंड), बीएल जोशी (उत्तरप्रदेश), बी वी वांचू (गोवा), शेखर दत्त (छत्तीसगढ़) और वी के दुग्गल (मणिपुर), कमला बेनीवाल (मिजोरम) को इस्तीफा देना पड़ा था। इसके अलावा जिन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया, उनमें पुडुचेरी के उपराज्यपाल और कांग्रेस के पूर्व नेता वीरेंद्र कटारिया भी शामिल थे। राजग सरकार ने अब तक उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, हरियाणा, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, नागालैंड और गोवा में राज्यपाल नियुक्त किए हैं। एजेंसी

Related Articles

Back to top button