हापुड़ में यूजीसी के विरोध में महापंचायत, भड़के प्रदर्शनकारियों ने धौलाना-पिलखुवा मार्ग पर लगाया जाम
पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर युवाओं को महापंचायत में रोकने की कोशिश की।
हापुड। आज रविवार को यूजीसी के खिलाफ होने वाली महापंचायत में में भड़के प्रदर्शनकारियों ने धौलाना-पिलखुवा मार्ग पर जाम लगा दिया। यूजीसी के खिलाफ होने वाली महापंचायत में भारी भीड़ एकत्र होने की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने तहसील परिसर के आस-पास सुरक्षा कड़ी कर दी। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर युवाओं को महापंचायत में रोकने की कोशिश की।
महापंचायत को रोकने की कोशिश
यूजीसी के नए नियमों के विरोध में होने वाली महापंचायत को रोकने की कोशिश करने पर धौलाना तहसील परिसर में युवाओं ने हंगामा कर दिया। तहसील परिसर में युवाओं को जाने से रोका गया तो नाराज प्रदर्शनकारियों ने धौलाना-पिलखुवा मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस से नोंकझोंक और हंगामा हुआ। मौके पर इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
कई प्रदर्शनकारी को किया नजरबंद
महापंचायत में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तहसील परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई। आरोप है कि युवाओं को धरनास्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए उनके गांवों में नजरबंद कर दिया गया। इस कार्रवाई से लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारी
धौलाना-पिलखुवा मार्ग पर प्रदर्शनकारियों का विरोध बढ़ने पर पुलिस अधिकारियों ने बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। महापंचायत को रोके जाने और प्रदर्शनकारियों के विरोध के चलते क्षेत्र में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर हंगामा करने लगे। खबर लिखे जाने तक दोपहर बाद तक हंगामा की स्थिति जारी थी।



