राज्यराष्ट्रीय

जदयू, राजद को रोकने की तैयारी जरूरी: कुशवाहा

upendra kushawahaनई दिल्ली : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने अपने सहयोगी दल भाजपा को आगाह किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में जदयू, राजद को रोकने के लिए एनडीए को अच्छी तैयारी करनी होगी। बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा पिछले साल लोकसभा चुनावों में मिली जीत से खासी उत्साहित है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख कुशवाहा ने कहा, थोड़ा सतर्क होने की जरूरत है। अगर राजद और जदयू अलग होते तो एनडीए के लिए चुनाव में जीत आसान होती। लेकिन जब से दोनों साथ आए हैं हमें थोड़ा और सतर्क होने तथा उचित रणनीति बनाने की जरूरत है। कुशवाहा ने बिहार में नीतीश कुमार से अलग होने के बाद एनडीए के साथ गठबंधन किया। लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने तीन सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि कुशवाहा ने राष्ट्रीय स्तर पर बिखरे हुए जनता परिवार के साथ आने को खारिज किया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद की अगुवाई वाली राजद और नीतीश कुमार की जदयू का राज्य में ही गठबंधन होगा, अन्यथा उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
केंद्रीय मंत्री की चिंता की वजह पिछले साल अगस्त में बिहार की 10 सीटों पर हुए विधानसभा के उप चुनाव के नतीजे हैं। जिनमें एनडीए को केवल चार सीटों पर जीत मिली थी। बाकी छह सीटों पर जदयू-राजद और कांग्रेस का गठबंधन जीता था। वहीं लोकसभा चुनाव में एनडीए को 40 में से 31 सीटों जीत मिली थी। एनडीए में एक वर्ग का मानना है कि जदयू, राजद और कांग्रेस का गठबंधन वास्तव में यादव, दलित, अति पिछड़ा वर्ग (एमबीसी), कुर्मी और मुस्लिमों का गठबंधन है। यह गठबंधन संख्या के लिहाज से एनडीए के लिए गंभीर चुनौती पेश कर सकता है। एजेंसी

Related Articles

Back to top button