राष्ट्रीय

जम्‍मू-कश्‍मीर के सीएम मुफ्ती मोहम्‍मद सईद का दिल्‍ली में निधन, बेटी महबूबा बन सकती हैं CM

नmufti-mohammed-sayeed-mufti-sayeed_650x460_71425151207ई दिल्‍ली: जम्‍मू-कश्‍मीर के मुख्‍यमंत्री मुफ्ती मोहम्‍मद सईद का 79 वर्ष की उम्र में आज दिल्‍ली में निधन हो गया। उन्‍हें बीते 24 दिसंबर को फेफड़ों में संक्रमण के बाद एम्‍स में भर्ती कराया गया था। यहां वह पिछले 15 दिनों से भर्ती थे। मुख्यमंत्री की पार्थिव देह को श्रीनगर लेकर जाया जाएगा, जहां उनके शव को अंतिम दर्शनार्थ रखा जाएगा। पार्थिव शरीर को दक्षिण कश्मीर में उनके पैतृक गांव में दफनाए जाने की संभावना है।

सुबह करीब साढे़ सात बजे ली अंतिम सांस ली
जम्मू कश्मीर के शिक्षा मंत्री एवं सरकार के प्रवक्ता नईम अख्तर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सुबह करीब साढे़ सात बजे अंतिम सांस ली। सईद के परिवार में उनकी पत्नी, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती समेत तीन बेटियां और एक बेटा है।

महबूबा मुफ्ती को मिल सकती हैं सीएम पद की कमान
उधर, खबर है कि मुफ्ती मोहम्‍मद सईद के निधन के बाद उनकी बेटी और पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती को राज्‍य के सीएम पद की कमान मिल सकती है। राज्‍य में पीडीपी के सहयोगी दल बीजेपी को भी इससेक कोई ऐतराज़ नहीं है।

दो बार रहे जम्‍मू-कश्‍मीर के सीएम, देश के गृह मंत्री भी बने
सईद दो बार जम्‍मू-कश्‍मीर के सीएम रहे। वर्ष 2002 में उन्‍होंने पहली बार जम्मू-कश्मीर के सीएम का पदभार संभाला था। इसके बाद 1 मार्च 2015 को पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में वे जम्मू-कश्मीर के 12वें सीएम बने। 1989 से 1990 के बीच सईद देश के गृह मंत्री भी रहे।

पिछले कुछ दिनों से मुख्यमंत्री वेंटीलेटर पर थे
उल्‍लेखनीय है कि सईद को विगत 24 दिसंबर को बुखार और गर्दन में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एम्स के चिकित्सकों ने उन्हें सेप्सिस, ब्लड काउंट्स में कमी और निमोनिया से पीड़ित पाया था। वह एम्स के सघन चिकित्सा कक्ष में थे और अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उनकी प्लेटलेट्स में खतरनाक स्तर तक गिरावट आई थी। पिछले कुछ दिनों से मुख्यमंत्री वेंटीलेटर पर थे।

पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके न रहने से देश और जम्मू कश्मीर में एक शून्य पैदा हो गया है।

मुफ्ती मोहम्‍मद सईद के जीवन पर एक नज़र…
 

  • 12 जनवरी 1936 को जन्म।
  • क़ानून और अरब इतिहास में डिग्री ली।
  • 1962 में चुनावी सफ़र शुरू किया।
  • 1987 तक कांग्रेस के सदस्य।
  • कांग्रेस छोड़ वीपी सिंह के जन मोर्चा में शामिल।
  • 1989 में देश के पहले मुस्लिम गृह मंत्री बने।
  • 1989-1990 के बीच देश के गृहमंत्री।
  • नरसिम्हा राव सरकार में फिर कांग्रेस में शामिल।
  • 1999 में कांग्रेस छोड़ पीडीपी (पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) बनाई।
  • 2002 में पहली बार जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री बने।
  • 1 मार्च 2015 को दूसरी बार सीएम बने।
  • बीजेपी के समर्थन से बनाई सरकार।
  • 79 साल की उम्र में निधन।

मुफ़्ती मोहम्मद सईद के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं- राष्‍ट्रपति
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने मुफ्ती मोहम्‍मद सईद के निधन पर शोक जताया है। उन्‍होंने ट्वीट किया, ‘जम्मू-कश्मीर के सीएम मुफ़्ती मोहम्मद सईद के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। जम्मू-कश्मीर और देश को दी गई उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।

घाटी में स्थायी शांति चाहते थे सईद जी : राजनाथ सिंह
वहीं, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट किए शोक संदेश में कहा कि सीएम मुफ़्ती मोहम्मद सईद के निधन से गहरा दुख पहुंचा है। उन्हें आम लोगों खास तौर पर कमज़ोर तबके के लिए उनके प्यार के लिए याद किया जाएगा। सईद जी को जम्मू-कश्मीर से जुड़े मसलों की गहरी समझ थी। वो घाटी में स्थायी शांति चाहते थे।

मेरी संवेदनाएं मुफ़्ती परिवार के साथ – उमर अब्‍दुल्‍ला
राज्‍य के पूर्व मुख्‍यमंत्री उमर अब्‍दुल्‍ला ने ट्वीट करते हुए सईद के निधन पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने ट्वीट किया, ‘मुझे अभी-अभी मुफ़्ती साहब के निधन का दुखद समाचार मिला। उनकी आत्मा को शांति मिले। मेरी संवेदनाएं मुफ़्ती परिवार के साथ हैं। ये परिवार के लिए मुश्किल समय है। मैं और मेरे परिवार की संवेदनाएं उनके साथ हैं।’

Related Articles

Back to top button