दिल्लीफीचर्ड

नेशनल हेराल्ड केस में भाजपा ने कहा हिम्मत है तो संसद में बहस करे कांग्रेस

दस्तक टाइम्स/एजेंसी
2015_12image_17_08_22719702001-llनई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ नेशनल हेराल्ड केस में हो रही कार्रवाई पर भाजपा ने आज प्रतिक्रिया दी है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कांग्रेस से पूछा कोई नेता फंस गया तो क्या संसद नहीं चलेगी? वित्त मंत्री ने चुनौती भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस चाहे तो इस मुद्दे पर संसद में बहस करा सकती है। उन्होंने कहा कि अदालत के सम्मन का जबाव संसद ठप करना नहीं हो सकता। कांगे्रस के आरोपों को सिरे से नकारते हुए सदन के नेता अरुण जेटली ने कहा कि कांग्रेस नेताआें के खिलाफ गंभीर मामला आया है जिसे सरकार ने नहीं बल्कि न्यायपालिका ने उठाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्यायपालिका में जवाब देना चाहिए। गौरतलब है कि नेशनल हेराल्ड से जुड़े मामले की पृष्ठभूमि में आक्रामक मुद्रा अपनाए कांग्रेस सदस्यों ने आज राज्यसभा में सरकार पर ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध’’ का आरोप लगाते हुए भारी हंगामा किया जिससे सदन की कार्यवाही बार बार बाधित हुई और पांच बार के स्थगन के बाद अंतत: पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। सरकार ने इस मामले में विपक्ष के आरोपों से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है और कांगे्रस को वहां जवाब देना चाहिए। विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सप्ताह भर पहले यहां संविधान पर चर्चा में इसके प्रति फिर से प्रतिबद्धता जताई गई। लेकिन उन्हें हालात में कोई बदलाव नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह का वातावरण बन रहा है, एेसा लगता है कि दो तरह के कानून का पालन हो रहा है। आजाद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ही नहीं बल्कि पूरे विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन राज्यांे के मुख्यमंत्रियों और एक केंद्रीय मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की विपक्ष की मांग के कारण पिछला सत्र नहीं चला। उन्होंने कहा कि पूरा सत्र नहीं चला लेकिन एक प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की गई और सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। लेकिन कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के यहां उस दिन छापा पडा जब उनकी पुत्री की शादी थी। उन्होंने कहा कि कल की घटना उससे अलग नहीं है।

Related Articles

Back to top button