फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

पारा चढ़ने से उत्तर भारत को ठंड से मिली कुछ राहत

climate-of-Lucknowनई दिल्ली : पारे में हल्की बढ़ोत्तरी होने से उत्तर भारत में मंगलवार को लोगों को शीत लहर के प्रकोप से थोड़ी राहत मिली जबकि कोहरे के कारण कुछ इलाकों में रेल सेवाएं और उड़ान सेवाओं पर असर पड़ा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री का इजाफा हुआ जो सामान्य तापमान के आस पास यानी नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया था। उत्तर से आती ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से तीन डिग्री नीचे गिरकर 17.6 डिग्री सेल्सियस को छू गया। सुबह के वक्त कोहरा छाया रहा, लेकिन दोपहर बाद तक कोहरा छंटने से दश्यता का स्तर 500 मीटर (सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर) से बढ़कर 1,500 मीटर (शाम पांच बजकर 30 मिनट पर) तक पहुंच गया। कोहरे के कारण रीवा एक्सप्रेस और पुरूषोत्तम एक्सप्रेस सहित करीब 25 ट्रेनों के आगमन प्रस्थान के समय पर असर पड़ा और इसके कारण सात विमानों की उड़ान में भी देरी हुई।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने कल सुबह घने कोहरे में कमी के अलावा पारे में हल्की गिरावट का पूर्वानुमान जताया है। लेह में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की वृद्धि के चलते ठंड से थोड़ी राहत मिली, वहीं जम्मू कश्मीर के सीमाई लद्दाख क्षेत्र में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र के ही करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 13 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, बीती रात को वहां तापमान शून्य से 14 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था और यह इलाका राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा था। उत्तर प्रदेश में बीते सप्ताह हल्की बारिश और गरज के छींटे पड़ने के बाद मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। राज्य के गोरखपुर, वाराणसी, फैजाबाद और बरेली जैसे संभागों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई और कुछ स्थानों पर कोहरा छाया रहा। बिजनौर में नजीबाबाद 4.5 डिग्री सेल्यिस तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। उत्तर के कुछ मैदानी इलाकों की तरह राजस्थान में भी ठंड से थोड़ी राहत मिली। हिल स्टेशन माउंट आबू 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ मरू राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। एजेंसी

Related Articles

Back to top button