फीचर्डलखनऊ

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह खाली कर रहे सरकारी आवास

लखनऊ : पूर्व मुख्यमंत्रियों से सरकारी आवास खाली कराने को लेकर उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश में सरकारी बंगले खाली करने शुरू कर दिए हैं। इससे पहले खबर आई थी कि छह पूर्व मुख्यमंत्रियों में से राजनाथ सिंह ने अपना सरकारी बंगला खाली करना शुरू कर दिया है। और अब खबरें मिली हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह अपना सरकारी बंगला खाली कर रहे हैं जो मई माह के अंतिम दिनों तक वह दूसरे घर में शिफ्ट हो जाएंगे।कल्याण सिंह अभी राजस्थान में राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कल्याण सिंह को बतौर पूर्व मुख्यमंत्री नवंबर, 1999 में सरकारी बंगला अलॉट किया गया था। दो माल एवेन्यू, लखनऊ में स्थित उनके सरकारी बंगले का सामान मंगलवार से शिफ्ट होना शुरू हो गया। मई के अंत तक बंगला पूरी तरह से खाली हो जाएगा। उनका सामान उनके पोते संदीप सिंह के घर में शिफ्ट किया जा रहा है। संदीप सिंह अभी योगी सरकार में मंत्री हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य सम्पत्ति विभाग का नोटिस मिलते ही लखनऊ में अपने स्टाफ को 4, कालीदास मार्ग पर मिला सरकारी बंगला खाली करने को कह दिया है।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद प्रदेश सरकार ने छह पूर्व मुख्यमंत्रियों को बंगला खाली करने का नोटिस दिया था। इन छह लोगों में मायावती, मुलायम सिंह यादव, राजनाथ सिंह, अखिलेश यादव, एनडी तिवारी सहित कल्याण सिंह भी शामिल हैं। अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव और मायावती अपने-अपने बंगले बचाने के लिए तरह-तरह के फॉर्म्युले निकाल रहे हैं। वहीं, कल्याण सिंह ने नोटिस मिलते ही चुपचाप बंगला खाली करना शुरू कर दिया। उधर, अखिलेश यादव ने राज्य संपत्ति अधिकारी को पत्र लिखकर दो साल का वक्त मांगा है। उन्होंने इस पत्र में इस बात का जिक्र किया है कि उनके पास कोई दूसरा मकान नहीं है और उन्हें प्राप्त जेड प्लस की सुरक्षा को देखते हुए दो साल का वक्त दिया जाए। वहीं, मायावती के सरकारी आवास के बाहर कांशीराम यादगार विश्राम स्थल का बोर्ड लगवा दिया गया।

Related Articles

Back to top button