स्पोर्ट्स

पेस की पंजाब मार्शल्स की लगातार दूसरी हार

paceचंडीगढ। मुंबई टेनिस मास्टर्स ने चैम्पियंस टेनिस लीग के ग्रुप मैच में लिएंडर पेस की अगुवाई वाली पंजाब मार्शल्स को 27-21 से हराया। मार्शल्स को पहले मैच में दिल्ली ड्रीम्स ने मात दी थी। अब दो मैचों के बाद दिल्ली ड्रीम्स 52 अंक लेकर ग्रुप में शीर्ष पर है जबकि मुंबई के 46 और पंजाब के 40 अंक हैं। चार मैचों के बाद ग्रुप की शीर्ष टीम 26 नवंबर को होने वाले फाइनल में जगह बनायेगी। छह साल बाद पहला एकल मैच खेल रहे पेस को पूर्व फ्रेंच ओपन चैम्पियन सर्जी ब्रगुएरा ने हराया। घायल ग्रेग रूस्देस्की की जगह खेलने वाले पेस की घरेलू दर्शकों ने जमकर हौसलाअफजाई की जिससे उन्होंने 1-4 से पिछड़ने के बाद स्कोर 4-4 से बराबर किया। ड्यूस पर पेस और पंजाब टीम ने फ्री प्वाइंट नियम का इस्तेमाल किया और सेट को टाइब्रेकर तक ले गए। टाइब्रेकर में ब्रुगुएरा ने संतुलित रैलियां और विनर लगाकर जीत दर्ज की। मिश्रित युगल में पेस और गार्बाइन मुगुरूजा को टामी राबरेडो और एलिजे कोर्नेट ने 6-3 से हराया। महिला एकल में गार्बाइन ने 6-5 से जीत दर्ज की जबकि पुरुष युगल में पेस और सोमदेव देववर्मन विजयी रहे। मुगुरूजा ने महिला एकल में कोर्नेट को हराया। एजेंसी

Related Articles

Back to top button