राज्यराष्ट्रीय

फड़नवीस से मिले मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया

rakesh-mariyaमुंबई: मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने आईपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी के साथ अपनी मुलाकात से संबंधित सूचना वाली रिपोर्ट महाराष्ट्र सरकार को सौंपी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने इस बारे में सूचना मांगी थी। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) के पी.बख्शी ने बताया, ‘‘हां, मारिया ने इस मुद्दे पर अपना पक्ष रखा है।’’ हालांकि, उन्होंने मारिया की रिपोर्ट का विवरण देने से इंकार कर दिया। एक समाचार चैनल ने कथित तौर पर मारिया की ललित मोदी के साथ तस्वीर प्रसारित की थी। पुलिस आयुक्त ने एक वक्तव्य जारी किया और कहा कि उन्होंने पूर्व आईपीएल कमिश्नर से पिछले साल लंदन में उनके वकील के जोर देने पर मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान ललित मोदी ने लंदन में अंडरवर्ल्ड से अपनी जान को खतरा होने के मद्देनजर मुंबई पुलिस से मदद मांगी थी। मारिया ने कहा कि उन्होंने वापसी के तुरंत बाद तत्कालीन गृह मंत्री (दिवंगत आर आर पाटिल) को इसकी जानकारी दे दी थी। फडणवीस ने कहा था कि मारिया की सूचना के आधार पर आगे की कार्रवाई पर फैसला किया जाएगा। गृह राज्य मंत्री रंजीत पाटिल ने हालांकि कहा था कि ललित मोदी की तरफ से बार-बार अनुरोध उनसे मिलने का ‘बहाना’ नहीं हो सकती और जांच की जाएगी। ललित मोदी इस खुलासे को लेकर चर्चा में हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने लंदन में यात्रा दस्तावेज हासिल करने में उनकी मदद की थी। मारिया ने कांग्रेस-राकांपा सरकार के कार्यकाल के दौरान ही लंदन की यात्रा की थी।

Related Articles

Back to top button