अजब-गजबमनोरंजन

बद्री की दुल्हनिया की होली हो गई Happy, पहले दिन हुए…..करोड़ की कमाई

शशांक खेतान निर्देशित बद्रीनाथ की दुल्हनिया में वरुण धवन और आलिया भट्ट की केमिस्ट्री को काफी सराहा गया है और अच्छी ओपनिंग का कारण यंग जनरेशन में उनको खूब पसंद किया जाना रहा है।

मुंबई। वरुण धवन , आलिया भट्ट और उनके पूरे घराती-बाराती इस बार जमकर होली मनाएंगे क्योंकि दर्शकों ने उन्हें होली का बड़ा गिफ्ट देते हुए पहले दिन 12 करोड़ रूपये से ज़्यादा की कमाई करवा दी है। ट्रेड पंडितों के हवाले से जागरण डॉट कॉम ने आपको पहले ही बताया था कि इस शुक्रवार को रिलीज़ हुई बद्रीनाथ की दुल्हनिया 10 से 12 करोड़ की ओपनिंग लेगी। आंकड़ों के मुताबिक बद्रीनाथ की दुल्हनियां ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 12 करोड़ 25 लाख रूपये का कलेक्शन किया है।

फिल्म को होली की छुट्टी ( सोमवार ) के साथ एक्सटेंडेड वीकेंड मिला है और उम्मीद की जा रही है कि माउथ पब्लिसिटी के जरिए फिल्म के कलेक्शन और मजबूत होंगे।बद्रीनाथ की दुल्हनिया साल 2017 की घरेलू बॉक्स ऑफिस पर तीसरी हाइएस्ट कलेक्शन वाली फिल्म है। इस साल अब तक रईस और जॉली एलएलबी 2 ने ही इससे ज़्यादा कमाई की है। इस फिल्म के पहले भाग यानि हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया को पहले दिन 9 करोड़ की कमाई हुई थी जबकि वरुण की पिछली फिल्म ढिशुम को 11 करोड़ के करीब मिले थे।

आलिया भट्ट की पिछली फिल्म डियर ज़िन्दगी को करीब पौने नौ करोड़ का कलेक्शन हाथ लगा था। शशांक खेतान निर्देशित बद्रीनाथ की दुल्हनिया में वरुण धवन और आलिया भट्ट की केमिस्ट्री को काफी सराहा गया है और अच्छी ओपनिंग का कारण यंग जनरेशन में उनको खूब पसंद किया जाना रहा है।

Related Articles

Back to top button