बिहार के सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव, क्लास टाइम में शिक्षकों की मीटिंग और ट्रेनिंग पर रोक

पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई के समय को पूरी तरह विद्यार्थियों के लिए सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था सुधारने के लिए 22 नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब कक्षा संचालन के दौरान शिक्षकों को किसी भी तरह की मीटिंग, ट्रेनिंग, वर्कशॉप या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल नहीं किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को नए निर्देशों को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया है। यह फैसला स्कूल निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए लिया गया है।
पढ़ाई के समय नहीं मांगी जाएगी रिपोर्ट
नए नियमों के अनुसार, अब शिक्षण अवधि के दौरान शिक्षकों से किसी भी तरह की रिपोर्ट, आंकड़े या विभागीय जानकारी नहीं मांगी जाएगी। अधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे कक्षा चलने के समय शिक्षकों को अन्य कार्यों में न लगाएं।
किसी विशेष परिस्थिति में ही शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जा सकेगा, लेकिन इसके लिए कारण दर्ज करना होगा। विभाग का उद्देश्य है कि बच्चों की पढ़ाई का कोई भी समय प्रभावित न हो।
खाली नहीं जाएगी कोई कक्षा, बनेगा विशेष रजिस्टर
नए दिशा-निर्देशों में स्कूलों में समय की पाबंदी और अनुशासन पर भी जोर दिया गया है। स्कूल निर्धारित समय पर खुलेंगे और पहली घंटी से ही पढ़ाई शुरू करनी होगी।
यदि कोई शिक्षक अवकाश पर रहता है तो इसकी जानकारी पहले से प्रधानाध्यापक को देनी होगी। प्रधानाध्यापक उसी दिन वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था करेंगे, ताकि कोई भी कक्षा खाली न रहे। इसके लिए स्कूलों में विशेष रजिस्टर भी बनाया जाएगा।
बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। स्कूल में शैक्षणिक व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक की होगी।
शिक्षकों को बनानी होगी दैनिक पाठ योजना
शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए हर शिक्षक को दैनिक पाठ योजना तैयार करनी होगी और शिक्षण डायरी भी रखनी होगी। शुरुआती कक्षाओं में बच्चों की बुनियादी पढ़ाई, साक्षरता और संख्या ज्ञान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कमजोर छात्रों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त सहायता देने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा छात्रों को नियमित होमवर्क दिया जाएगा और साप्ताहिक व मासिक परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी।
बच्चों को दंड देने पर पूरी तरह रोक
शिक्षा विभाग ने बच्चों के साथ अनुशासन के नाम पर किसी भी तरह के शारीरिक या मानसिक दंड पर पूरी तरह रोक लगा दी है। साथ ही छात्रों की नियमित उपस्थिति पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार स्कूल से अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क किया जाएगा, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
खेलकूद और सेल्फ डिफेंस पर भी जोर
नए नियमों में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया गया है। स्कूल समय के बाद नियमित खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। फुटबॉल जैसी खेल गतिविधियों में लड़के और लड़कियां दोनों हिस्सा ले सकेंगे।
इसके अलावा पीटी शिक्षकों को खासतौर पर छात्राओं के लिए सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग कराने की जिम्मेदारी दी गई है। स्कूलों में गीत-संगीत, नाटक, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
हर सप्ताह होगा स्कूलों का निरीक्षण
नई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी हर सप्ताह स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा जिलों में साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर स्कूलों में लागू किए जा रहे नियमों की स्थिति की जांच की जाएगी।
शिक्षा विभाग का कहना है कि इन नए नियमों का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर सुधारना और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है।



