
सपा-कांग्रेस पर केशव मौर्य का हमला, बोले- ये गठबंधन नहीं ‘ठगबंधन’; BJP को कोई खतरा नहीं
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच चल रही सीट बंटवारे की खींचतान को लेकर दोनों दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन को ‘ठगबंधन’ बताते हुए कहा कि यह कोई मजबूत राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि गुंडों, अपराधियों, भ्रष्ट लोगों और दंगाइयों का गठजोड़ है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को इससे कोई खतरा नहीं है और पार्टी प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
लखनऊ में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गठबंधन के नाम पर विपक्षी दलों के बीच चल रही खींचतान उनकी अंदरूनी कमजोरी को दिखाती है। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच जिस तरह की स्थिति बनी हुई है, उससे साफ है कि दोनों दलों में तालमेल की कमी है।
सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर उठे सवाल
कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर बातचीत के बीच सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों के ऐलान को लेकर पूछे गए सवाल पर मौर्य ने कहा कि यह दोनों दलों की अंदरूनी समस्या है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीतिक ‘नौटंकी’ का भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि सपा उनके खिलाफ चुनाव लड़ रही है, कांग्रेस के खिलाफ या भाजपा के खिलाफ। मौर्य ने कहा कि अगर उन्हें स्थिति स्पष्ट नहीं है तो उन्हें कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगना चाहिए।
‘सपा को वोट देना मुसीबत को न्योता’
उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि सपा को वोट देना मुसीबत को न्योता देने जैसा होगा, जबकि कांग्रेस को वोट देना देश को फिर से पीछे ले जाने वाला कदम होगा।
मौर्य ने कहा कि सपा और कांग्रेस साथ चुनाव लड़ें या अलग-अलग, जीत भाजपा की ही होगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन मजबूत है और विपक्षी दल उसे चुनौती नहीं दे सकते।
सपा पर लगाया तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप
केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सपा प्रदेश में फिर से अपराधियों और माफिया के प्रभाव वाला दौर लाना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश दंगामुक्त रहा है और कानून-व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कमल का बटन दबाने से उत्तर प्रदेश सुरक्षित रहेगा। वहीं, सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि साइकिल का बटन दबाने से गुंडों और माफिया तत्वों को बढ़ावा मिलेगा।
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए, अयोध्या और मथुरा जैसे मुद्दों पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने धार्मिक मुद्दों को लेकर भी अखिलेश पर कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा ‘जय श्री राम’ और ‘जय श्री कृष्ण’ कहती है तो अखिलेश यादव को भी वही कहना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ‘राधे-राधे, कमल खिलाओ’ कहती है तो सपा चाहे तो ‘राधे-राधे, साइकिल पंचर करो’ कह सकती है।



