मेरठ में एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में बाजार में चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी
मेरठ। मेरठ पुलिस ने एसपी ट्रैफिक मेरठ राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष अतिक्रमण हटाओ एवं यातायात प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात बाधित करने पर 12 चालान, पांच वाहन सीज एवं 25 अन्य वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्यवाही की गई।

अन्य थानों का फोर्स भी रहा उपस्थित
पुलिस अधीक्षक यातायात मेरठ राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना सदर बाजार, प्रभारी निरीक्षक थाना लालकुर्ती, संबंधित थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से लालकुर्ती, बेगमपुल, जीरो माइल्स, पिंकी छोले-भटूरे एवं कुटी चौराहा क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ एवं यातायात प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
12 दुकानदारों के खिलाफ की चालान की कार्रवाई
अभियान के दौरान सड़कों एवं सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले 12 दुकानदारों के विरुद्ध धारा 34 के अन्तर्गत चालान की कार्रवाई की गई। थाना लालकुर्ती क्षेत्रान्तर्गत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 05 वाहनों को सीज किया गया तथा तेजगढ़ी क्षेत्र में 25 वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए उन्हें पुलिस लाइन भेजा गया। साथ ही दुकानदारों एवं वाहन चालकों को अतिक्रमण न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने हेतु निर्देशित किया गया।

यातायात प्रतिबंध एवं डायवर्जन व्यवस्था लागू
प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक जीरो माइल्स से पिंकी छोले-भटूरे की ओर तथा बीएसएनएल चौराहे से जीरो माइल्स की ओर ई-रिक्शा एवं टेंपो का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। उक्त अवधि में ई-रिक्शा एवं टेंपो को मॉल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान
आज से दोपहर 2.30 बजे से सायं 4 बजे तक हापुड़ अड्डा चौराहे पर ई-रिक्शा के विरुद्ध विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

मेरठ यातायात पुलिस की अपील
समस्त दुकानदारों, वाहन चालकों एवं आमजन से अपील है कि सड़कों एवं सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखें, निर्धारित यातायात प्रतिबंधों एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें तथा जनपद मेरठ की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।



