रूस-यूक्रेन युद्ध में 9 लाख सैनिकों की मौत का दावा, रूस के 7 लाख से ज्यादा जवान गंवाए; यूक्रेन के 2 लाख सैनिक भी मारे गए

बर्लिन: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने दोनों देशों के सैनिक परिवारों को गहरे जख्म दिए हैं। एक नए विश्लेषण में दावा किया गया है कि इस संघर्ष में अब तक करीब नौ लाख सैनिक मारे जा चुके हैं। इनमें रूस के सात लाख से अधिक जवान शामिल हैं, जबकि यूक्रेन के भी दो लाख से ज्यादा सैनिकों की मौत होने की बात कही गई है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 1,087 रूसी सैनिकों ने आत्महत्या की है। सोमवार को जारी यह आकलन हैक किए गए रूसी सरकारी आंकड़ों पर आधारित है।
हैक किए गए गोपनीय आंकड़ों से तैयार हुआ आकलन
रूस से निर्वासित होकर काम कर रहे दो मीडिया संस्थानों ‘मेदुजा’ और ‘मीडियाजोना’ ने यह नया विश्लेषण जारी किया है। इसके लिए उन्होंने रूसी राज्य सांख्यिकी सेवा ‘रोसस्टैट’ के गोपनीय आंकड़ों का इस्तेमाल किया। रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के हफ्तों में यूक्रेन समर्थक दो हैकर समूहों ‘साइबर पार्टिसंस ऑफ बेलारूस’ और ‘साइलेंट क्रो’ ने इन आंकड़ों को हैक कर मीडिया संस्थानों को सौंपा था।
इस विश्लेषण में रूसी सैनिकों की मौत का आंकड़ा युद्ध में हुए नुकसान के पिछले अनुमानों से कहीं अधिक बताया गया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि क्रेमलिन ने अपने नागरिकों से युद्ध में मारे गए सैनिकों की संख्या छिपाकर रखी है। इसके कारण आम रूसियों को युद्ध के मोर्चे पर हो रहे भारी नुकसान की पूरी जानकारी नहीं मिल पाती।
दमन और सरकारी प्रचार से असंतोष दबाने का आरोप
रिपोर्ट में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नेतृत्व पर युद्ध से जुड़ी आलोचनात्मक जानकारियों को दबाने का आरोप लगाया गया है। इसमें कहा गया है कि रूसी नेतृत्व दमन, सेंसरशिप और सरकारी प्रचार के जरिए देश में युद्ध के खिलाफ उठने वाली आवाजों और सामाजिक असंतोष को नियंत्रित करता रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन यूक्रेन के खिलाफ पूर्ण पैमाने पर युद्ध जारी रखे हुए हैं और फिलहाल इसे रोकने के संकेत नहीं दिख रहे हैं। युद्ध में हो रहे नुकसान की जानकारी सार्वजनिक न किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
1,087 रूसी सैनिकों ने की आत्महत्या का दावा
रिपोर्ट में रूसी सेना के भीतर बढ़ते मानसिक दबाव और गिरते मनोबल को लेकर भी गंभीर दावे किए गए हैं। लीक हुए सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण के मुताबिक, पूर्ण पैमाने पर युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 1,087 रूसी सैनिक आत्महत्या कर चुके हैं। रिपोर्ट में इस संख्या को लगभग एक पूरी सैन्य रेजिमेंट के बराबर बताया गया है।
इस आकलन के लिए बेलारूसी और यूक्रेनी हैकर समूहों के हाथ लगे एक करोड़ दस लाख से अधिक मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच की गई। रिपोर्ट के अनुसार, आत्महत्या के कम से कम 614 मामले यूक्रेन के कब्जे वाले क्षेत्रों या उनसे सटे रूस के सीमावर्ती इलाकों में दर्ज किए गए।
यूक्रेन के भी 2 लाख से ज्यादा सैनिक मारे जाने का दावा
युद्ध में यूक्रेन को भी भारी सैन्य नुकसान हुआ है। हालांकि, अलग-अलग संस्थाओं के अनुमानों में मृतकों की संख्या को लेकर अंतर है। वॉशिंगटन स्थित ‘सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज’ के अनुमान के मुताबिक, जून तक इस युद्ध में करीब 1.5 लाख यूक्रेनी लड़ाके मारे जा चुके थे।
वहीं, यूक्रेनी सैनिकों की मौत का हिसाब रखने वाली दो वेबसाइटों ‘लॉस्टआर्मर’ और ‘यूए लॉसेस’ ने मृतकों की संख्या दो लाख से अधिक बताई है। इसके अलावा करीब सवा लाख यूक्रेनी सैनिकों के अब तक लापता होने का दावा भी किया गया है।



