30 साल पुरानी गंगा जल संधि पर फिर बढ़ी हलचल! भारत-बांग्लादेश के बीच पानी को लेकर नई शर्तों की तैयारी, बिहार-बंगाल की चिंताएं भी अहम

नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा नदी के पानी के बंटवारे को लेकर 30 साल पहले हुई संधि अब एक अहम मोड़ पर पहुंच गई है। 12 दिसंबर 1996 को हुए इस समझौते की अवधि समाप्त होने में अब कुछ ही समय बचा है। ऐसे में इसके नवीनीकरण को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बांग्लादेश अपने हिस्से के पानी की गारंटी चाहता है, जबकि भारत बढ़ती आबादी, खेती और घरेलू जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संधि की शर्तों में बदलाव की मांग कर सकता है। पश्चिम बंगाल और बिहार की चिंताओं ने भी इस मुद्दे को और संवेदनशील बना दिया है।
इस बीच 21 और 22 नवंबर को ढाका में भारत-बांग्लादेश संयुक्त समिति की 91वीं नियमित बैठक हुई। हालांकि, इस बैठक में 1996 की गंगा जल संधि के नवीनीकरण पर चर्चा हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों देश पुराने समझौते को ही आगे बढ़ाएंगे या पानी के बंटवारे के नियमों में बदलाव किया जाएगा।
फरक्का बैराज से शुरू हुआ था पानी के बंटवारे का विवाद
भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा के पानी को लेकर विवाद कई दशक पुराना है। इसकी शुरुआत 1950 के दशक में हुई, जब भारत ने पश्चिम बंगाल में फरक्का बैराज बनाने की योजना तैयार की थी। यह स्थान उस समय के पूर्वी पाकिस्तान, जो अब बांग्लादेश है, की सीमा से करीब 18 किलोमीटर दूर था।
भारत का उद्देश्य गंगा के पानी को हुगली नदी की ओर मोड़ना था, ताकि कोलकाता बंदरगाह के आसपास जमा गाद को हटाया जा सके और जहाजों की आवाजाही सुचारू बनी रहे।
फरक्का बैराज का निर्माण 1961 में शुरू हुआ और 1975 में पूरा होने के बाद यहां से गंगा का पानी हुगली की ओर मोड़ा जाने लगा। इस परियोजना को लेकर निर्माण के दौरान ही दोनों देशों के बीच मतभेद बढ़ने लगे थे। बांग्लादेश का आरोप था कि पानी का रुख बदलने से उसके हिस्से में गंगा का प्रवाह कम हो रहा है।
1976 में यह विवाद और गहरा गया, जब बांग्लादेश के नेता मौलाना भासानी ने भारत की जल नीति के विरोध में फरक्का लॉन्ग मार्च का नेतृत्व किया। उन्होंने बैराज हटाने की मांग की थी। उनका कहना था कि इसके कारण बांग्लादेश में गंगा की प्रमुख वितरिका पद्मा का जलस्तर घट रहा है, जिससे सूखे और मरुस्थलीकरण का खतरा बढ़ रहा है।
1977 से 1996 तक कई समझौते, फिर बनी स्थायी व्यवस्था
पानी के बंटवारे का विवाद सुलझाने के लिए भारत और बांग्लादेश के बीच कई दौर की बातचीत हुई। 1977, 1982 और 1985 में अस्थायी समझौते भी किए गए, लेकिन इनमें से कोई भी लंबे समय तक चलने वाला समाधान नहीं दे सका।
आखिरकार दिसंबर 1996 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व में दोनों देशों ने गंगा जल बंटवारा संधि पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते को 30 साल के लिए लागू किया गया। संधि के क्रियान्वयन और निगरानी के लिए एक संयुक्त समिति भी बनाई गई।
उस समय इस समझौते को दोनों देशों के रिश्तों में बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि माना गया था। हालांकि, अब इसकी अवधि समाप्त होने के करीब आने के साथ ही पुरानी शर्तों की प्रासंगिकता और नए प्रावधानों की जरूरत पर बहस तेज हो गई है।
क्या है 1996 की संधि में पानी बांटने का फॉर्मूला?
1996 की संधि में गंगा के पानी के बंटवारे के लिए तीन स्तरों वाला फॉर्मूला तय किया गया था। यह व्यवस्था जनवरी से मई के बीच गर्मियों के शुष्क मौसम में लागू होती है। इसके लिए 1949 से 1988 के बीच गंगा के औसत जल प्रवाह के आंकड़ों को आधार बनाया गया। पानी का बंटवारा हर 10 दिन की अवधि के हिसाब से निर्धारित किया गया है।
समझौते के तहत फरक्का में गंगा का जल प्रवाह 70 हजार क्यूसेक या इससे कम होने पर भारत और बांग्लादेश के बीच पानी बराबर बांटा जाएगा।
यदि जल प्रवाह 70 हजार से 75 हजार क्यूसेक के बीच रहता है, तो बांग्लादेश को 35 हजार क्यूसेक पानी मिलेगा और शेष पानी भारत के हिस्से में जाएगा।
वहीं, जल प्रवाह 75 हजार क्यूसेक या इससे अधिक होने पर भारत को 40 हजार क्यूसेक पानी मिलेगा और बाकी पानी बांग्लादेश को दिया जाएगा।
इसके अलावा, 11 मार्च से 10 मई के बीच तीन अलग-अलग 10 दिवसीय अवधियों में दोनों देशों को 35-35 हजार क्यूसेक पानी देने का प्रावधान है।
बांग्लादेश की सबसे बड़ी मांग: पानी की न्यूनतम गारंटी
संधि को लेकर बांग्लादेश की प्रमुख आपत्ति यह है कि इसमें पानी की न्यूनतम मात्रा की कोई गारंटी नहीं दी गई है। मसलन, यदि फरक्का बैराज पर किसी 10 दिन की अवधि में जल प्रवाह 50 हजार क्यूसेक से नीचे चला जाता है, तो पानी का बंटवारा किस आधार पर होगा, इसे लेकर समझौते में कोई निश्चित फॉर्मूला नहीं है।
ऐसी स्थिति में दोनों देशों को आपातकालीन आधार पर बातचीत करके समाधान निकालना होता है। बांग्लादेश के कई नेता और वहां के जल संसाधन मंत्री अब संधि में गारंटी संबंधी प्रावधान जोड़ने की मांग कर रहे हैं, ताकि सूखे के मौसम में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
भारत के लिए भी यह मुद्दा महत्वपूर्ण है। न्यूनतम गारंटी का प्रावधान नहीं होने से जल प्रवाह 50 हजार क्यूसेक से नीचे जाने की स्थिति में दोनों देशों को बातचीत के जरिए पानी का बंटवारा तय करने की गुंजाइश मिलती है।
दरअसल, 1977 के समझौते में बांग्लादेश को उसके निर्धारित हिस्से का कम से कम 80 प्रतिशत पानी देने की गारंटी थी। लेकिन 1982 के समझौते में यह शर्त हटा दी गई थी। 1996 में मौजूदा संधि पर दोनों देशों के बेहतर संबंधों के दौर में सहमति बनी थी। अब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की ओर से न्यूनतम गारंटी की मांग उठाए जाने से संधि के नवीनीकरण पर बातचीत चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
जलवायु परिवर्तन और बढ़ती आबादी ने बढ़ाई नई चुनौतियां
समय के साथ 1996 की संधि की शर्तों को लेकर दोनों देशों में सवाल उठते रहे हैं। इसकी बड़ी वजह यह है कि समझौते में बढ़ती आबादी के कारण पानी की जरूरतों और जलवायु परिवर्तन से पैदा होने वाली चुनौतियों को पर्याप्त रूप से शामिल नहीं किया गया था।
अब दोनों देश अपनी जरूरतों के मुताबिक संधि में बदलाव चाहते हैं। भारत मार्च से मई के बीच अपने हिस्से में 30 से 35 हजार क्यूसेक अतिरिक्त पानी की मांग कर सकता है। दूसरी ओर, बांग्लादेश फरवरी से मई तक 40 हजार क्यूसेक पानी की गारंटी चाहता है। इसके अलावा वह लंबी अवधि की संधि और बाढ़ से जुड़े आंकड़ों को साझा करने की व्यवस्था की भी मांग कर रहा है।
बिहार और पश्चिम बंगाल की चिंताओं पर भी नजर
भारत चाहता है कि नई संधि में उसकी घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए। इसमें बढ़ती आबादी, खेती के लिए पानी की मांग और गंगा नदी के बदलते प्रवाह जैसे मुद्दे शामिल हैं।
वहीं, बिहार ने मौजूदा समझौते को आगे बढ़ाने पर आपत्ति जताई है। राज्य की चिंता है कि गंगा का पानी बांग्लादेश की ओर मोड़ने से बिहार के विकास पर असर पड़ सकता है। इस मुद्दे पर भारत के विदेश मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि संधि के नवीनीकरण को लेकर होने वाली बातचीत में बिहार के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
ऐसे में गंगा जल संधि का भविष्य केवल भारत और बांग्लादेश के बीच पानी के बंटवारे तक सीमित नहीं है। इसमें दोनों देशों की घरेलू जरूरतें, राज्यों के हित, जलवायु परिवर्तन और आपसी कूटनीतिक संबंध भी अहम भूमिका निभाएंगे। अब देखना होगा कि दोनों देश बातचीत के जरिए कोई नया समझौता कर पाते हैं या गंगा का पानी एक बार फिर द्विपक्षीय तनाव का कारण बनता है।



