राष्ट्रीय

भारत-अमेरिका के संयुक्त ऑपरेशन में बड़ा खुलासा, BTech-MBA डिग्रीधारी युवा निकले इंटरनेशनल ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का हिस्सा

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका की एजेंसियों के संयुक्त अभियान ‘मानसून थंडर’ में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह में उच्च शिक्षित युवा भी शामिल थे। गिरफ्तार छह आरोपियों में BTech, MBA और इंजीनियरिंग डिग्रीधारी लोग शामिल हैं। इनमें एक आरोपी ऐसा भी है, जिसे पहले अमेरिका से डिपोर्ट किया जा चुका था।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 से 13 नवंबर के बीच कई शहरों में छापेमारी की थी। इस दौरान छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह नेटवर्क भारत से अमेरिका में प्रतिबंधित और नियंत्रित दवाओं की तस्करी कर रहा था।

उच्च शिक्षित युवाओं की भूमिका से एजेंसियां हैरान

जांच में आरोपियों की शैक्षणिक और कारोबारी पृष्ठभूमि सामने आने के बाद एजेंसियां भी हैरान हैं। तेलंगाना के रहने वाले 27 वर्षीय टी. मनोज को जनवरी 2024 में अमेरिका से प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी से जुड़े मामले में डिपोर्ट किया गया था। मनोज के पास कंप्यूटर साइंस में BTech की डिग्री है और वह अमेरिका में मास्टर डिग्री की पढ़ाई भी कर रहा था।

वहीं, लखनऊ निवासी 30 वर्षीय टीडी जायसवाल के पास MBA की डिग्री है। उसका फार्मेसी और कपड़ों के कारोबार से जुड़ाव बताया गया है। लखनऊ की 32 वर्षीय आरती सोनी गणित में स्नातक है, जबकि कोलकाता निवासी 28 वर्षीय ए. मुत्तलिब इंजीनियरिंग डिग्रीधारी है।

अमेरिका भेजे गए 3000 से ज्यादा पार्सल, लाखों टैबलेट बरामद

जांच एजेंसियों के अनुसार, यह नेटवर्क जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच सक्रिय था। इस दौरान गिरोह ने अमेरिका में करीब 3 हजार पार्सल भेजे, जिनमें लगभग 5 लाख टैबलेट शामिल थीं।

जांच के दौरान एजेंसियों को 59 हजार से ज्यादा ग्राहकों का डेटाबेस भी मिला है। इस डेटा को अमेरिकी एजेंसी के साथ साझा किया गया है, ताकि नेटवर्क से जुड़े ग्राहकों और अन्य संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके।

Telegram और WhatsApp से चलता था पूरा नेटवर्क

NCB की जांच में सामने आया है कि आरोपी तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे। ग्राहक कथित तौर पर Telegram, Skype और WhatsApp के जरिए दवाओं के ऑर्डर देते थे।

भुगतान के लिए UPI, बैंक खातों और क्रिप्टोकरेंसी जैसे माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था। एजेंसियों का कहना है कि इस नेटवर्क का संचालन भारत से अमेरिका तक फैला हुआ था और इसमें कई अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका है।

प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी का आरोप

जांच एजेंसियों को शक है कि यह गिरोह अल्प्राजोलम, ट्रामाडोल, डायजेपाम और अन्य नियंत्रित दवाओं की तस्करी कर रहा था। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button