राज्यहरियाणा

हरियाणा पंचायत फंड घोटाला: डिजिटल सिग्नेचर से 74.70 लाख रुपये ट्रांसफर, बिहार से दो आरोपी गिरफ्तार; CM फ्लाइंग ने ऑडिट में पकड़ी गड़बड़ी

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में पंचायत फंड से जुड़ी बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पंचायतों और पंचायत समितियों के बैंक खातों से डिजिटल सिग्नेचर के जरिए छेड़छाड़ कर 74.70 लाख रुपये ट्रांसफर करने के मामले में साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 पुलिस ने बिहार से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मुकेश कुमार और वैशाली निवासी उत्पल कांत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों से पूछताछ की जा रही है और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

डिजिटल सिग्नेचर से छेड़छाड़ कर निजी कंपनी के खाते में भेजे रुपये

पंचायती राज विभाग की शिकायत के मुताबिक, 14 और 15 नवंबर को डिजिटल सिग्नेचर में हेरफेर कर कई पंचायत खातों से कुल 74.70 लाख रुपये एक निजी कंपनी के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया गया।

बैंक रिकॉर्ड से खुला पूरा मामला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बैंक लेनदेन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कितने लोग शामिल हैं।

CM फ्लाइंग ने ऑडिट में पकड़ी अनियमितता

वहीं, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (CM फ्लाइंग) की टीम ने पंचकूला के काजमपुर गांव में छापेमारी कर पंचायत ऑडिट से जुड़ी अनियमितताओं का खुलासा किया है।

टीम ने मौके पर निखिल शर्मा नाम के युवक को पंचायत सचिव की मौजूदगी में ऑडिट करते हुए पकड़ा। आरोप है कि पंचायत विकास कार्यों के ऑडिट के लिए विभाग की ओर से अप्रैल 2023 से मार्च 2026 तक एक महिला कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन पिछले करीब एक महीने से उसकी जगह निखिल शर्मा ऑडिट कर रहा था।

BDPO कार्यालय से रिकॉर्ड कब्जे में लिए

CM फ्लाइंग की टीम ने इसके बाद BDPO कार्यालय पहुंचकर ऑडिट से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड भी कब्जे में लिए हैं। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button