फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

बिहार में जंगलराज-2 नहीं आने दें : स्मृति ईरानी

smriti irani_Fपटना : केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को महिलाओं से कहा कि वे जंगल राज-टू को बिहार में नहीं आने देने का संकल्प लें। विधानसभा चुनाव की रणभूमि में महिलाएं सारथी बनें। कहा कि राजनीति में भी स्वच्छता अभियान की जरूरत है। वह देख रही हैं कि सत्ता पलटने को बिहार में महिलाएं तैयार हैं। स्मृति ईरानी एसके मेमोरियल हॉल में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि बार-बार महिलाओं को अपने पराक्रम का प्रदर्शन कर यह बताना पड़ता है कि उनमें कितनी ताकत है। महिलाओं का भाजपा ने कितना ख्याल रखा, इसके कई उदाहरण हैं। केंद्र में पूर्ण बहुमत के बाद बिहार से अगर किसी को राज्यपाल बनाया गया तो वह सम्मान महिला को ही मिला। महिला मोर्चा का यह कार्यक्रम इस बात का संकेत है कि बहनें अपनी जिम्मेदारी व ताकत पहचानती हैं। कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि जो सरकार महात्मा गांधी के नाम पर केंद्रीय विश्वविद्यालय खोलने के प्रस्ताव को नकार दे, वह सरकार बिहार की आवाज कैसे सुन सकती है। 14वें वित्त आयोग की चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इससे सबसे अधिक राशि बिहार को मिली है। कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के लिए भी केंद्र सरकार राशि देने को तैयार है। हम बिहार में केंद्रीय विद्यालयों की संख्या बढ़ाने को तैयार हैं। राज्य सरकार हमें जमीन उपलब्ध कराए।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि बिहार में ऐसी सरकार बने जो केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सपने के साथ चले। केंद्रीय कौशल विकास मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि देश के निर्माण में जबतक महिलाओं की भागीदीरी 50 प्रतिशत नहीं होगी, भारत विश्व गुरु नहीं बन सकता। केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण हासिल करने से कोई रोक नहीं सकता। सम्मेलन में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर व राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने भी विचार रखे। नेता प्रतिपक्ष नंदकिशोर यादव ने कहा कि यह भी सोचें कि संसद में महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किसने किया। सुशील मोदी ने कहा कि अगर बिहार में भाजपा की सरकार बनी तो इंटर में प्रथम आने वाली सभी वर्ग की छात्राओं को बारह हजार व सेकेंड को आठ हजार रुपए देंगे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष सुषमा साहू ने किया। संगठन प्रभारी हरेंद्रजी व मोर्चा प्रभारी सूरजनंदन कुशवाहा भी इस अवसर पर मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button