फीचर्डराष्ट्रीय

मुंबई बम विस्फोटों के दोषी याकूब मेमन को फांसी दी गई

yakub menanनागपुर: राजधानी दिल्ली से लेकर नागपुर तक पल-पल बदलते घटनाक्रम के बीच 1993 के मुंबई बम धमाकों के दोषी याकूब अब्दुल रज्जाक मेमन को आज स्थानीय केंद्रीय जेल में फांसी पर लटका दिया गया। जेल सूत्रों ने बताया कि याकूब को अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच छह बजकर 35 मिनट पर फांसी से लटकाया गया। उसका शव आधे घंटे के लिए फांसी के फंदे से लटकता छोड़ दिया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस संबंध में विधानसभा में आज औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार याकूब का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि याकूब के शव को करीब 11 बजे एयर एबुलेंस के जरिए मुंबई भेजे जाने की संभावना है। फांसी के मद्देनजर नागपुर केंद्रीय जेल के 500 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लगा दी गई थी। इस क्षेत्र में मीडियाकर्मियों को भी आने से रोक दिया गया था। इससे पहले याकूब की फांसी कम से कम 14 दिन टालने के लिए वकीलों का एक दल राजधानी दिल्ली में उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एच एल दत्तू के आवास पर गुहार लगाने गया था। न्यायमूर्ति दत्तू ने उसी खंडपीठ को सुनवाई का जिमा दिया, जिसने कल डेथ वारंट के खिलाफ याकूब की अपील खारिज की थी। फांसी की सजा पाए अपराधी का पक्ष भी अंत-अंत तक सुनने और उचित न्याय दिलाने के लिए शीर्ष अदालत के दरवाजे आधी रात को खुले और करीब दो घंटे तक सुनवाई हुई, लेकिन याकूब को राहत नहीं मिल सकी। तीन बजे रात से शुरू हुई सुनवाई पांच बजे तक चलती रही और उधर यहां केंद्रीय जेल में उसे फांसी पर लटकाने की प्रक्रिया भी समानान्तर चलती रही।

Related Articles

Back to top button