राज्यराष्ट्रीय

मुठभेड़ में कई नक्सली ढेर

naxal encounterगुमला/ मेदिनीनगर : नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान शुक्रवार को पुलिस को कई बड़ी सफलताएं मिलीं। गुमला और चैनपुर थाना इलाके में अरविंद दस्ते के साथ दो घंटे चली मुठभेड़ में कई नक्सली मारे जाने की सूचना है, मगर शव एक ही बरामद हुआ है। मौके से भारी मात्रा में असलहा भी मिला है। बाकारों में नक्सलियों के दो बंकर पुलिस ने ध्वस्त कर दिए। मेदिनीनगर में 20 किलो का लैंड माइंस और लोहरदगा से बम बरामद हुआ है। दो घंटे चलीं गोलियां : गुमला और चैनपुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में सरगांव, उरू, सिविल और जोरी की पहाड़ियां दिन निकलते ही गोलियां चलीं और मोटार्र दागे गए। माओवादी देवकुमार सिंह उर्फ अरविंद जी दस्ते के साथ हुई इस मुठभेड़ के बाद एक अज्ञात उग्रवादी का शव पुलिस ने बरामद किया, जबकि अधिकारियों ने चार-पांच उग्रवादियों के मारे जाने का दावा किया है। घटना स्थल से एक यूएसए मेड 3.006 राइफल, दो हैंड ग्रेनेड, एक वॉकी-टॉकी और 150 कारतूस भी मिले हैं। गुमला एएसपी पवन कुमार सिंह और एसडीपीओ मोहम्मद अर्सी के मुताबिक सुबह करीब 7.30 बजे अभियान पर निकले पुलिस, कोबरा और जगुआर के जवानों की नक्सलियों से भिड़ंत हुई।
लैंड माइंस बरामद: पांकी बालूमाथ रोड के ताल अमवाही घाटी से पुलिस ने शुक्रवार को 20 किलो का लैंड माइंस बरामद किया। बाद में सीआरपीएफ के बम निरोधक दस्ते ने इसे नष्ट कर दिया। एसपी मयूर पटेल ने बताया की अभियान के दौरान यह सफलता मिली। लोहरदगा के किस्को थाना क्षेत्र में सड़क के किनारे दबे दो बम बरामद किए गए। बंकर में रखे थे असलहे: बोकारो में पुलिस, सीआरपीएफ और जगुआर की संयुक्त टीम ने झुमरा के असनापानी में नक्सलियों के दो बंकर ध्वस्त कर दिए। सीआरपीएफ कमांडेंट डॉ संजय कुमार और एसपी अनूप विजयालक्ष्मी के मुताबिक यहां ड्रम में छुपाकर रखे दो हैंड ग्रेनेट,10 किलो बारूद, एके 47 के 111 कारतूस, मैगजीन, इंसास के 50 कारतूस और अन्य सामान मिला है। हत्या कर जेसीबी फूंकी: गिरिडीह के तिसरी प्रखंड के लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने वारदात की। बरदही जंगल में माओवादियों ने शुक्रवार की सुबह जेसीबी मालिक (32) की हत्या कर नौ लोगों की जमकर पिटाई की। इसके बाद जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। मारे गए जेसीबी मालिक का नाम श्यामसुंदर राउत है और वह गुमगी का रहने वाला था।

Related Articles

Back to top button