ज्ञान भंडार

यहॉ पर तीन बार होता है सूर्योदय

(एजेंसी)। बच्चों अपने भूगोल में पढ़ा होगा कि पृथ्वी के सूर्य के चारो ओर चक्कर लगाने के अलावा अपने अक्ष पर घूमने की वजह से दुनिया भर में दिन एवं रात होती है। यह अलग बात है कि कुछ देशों में जब एक जगह रात होती है तो दूसरे कुछ देशों में दिन होता है। आपको बता दें कि यह पृथ्वी के अपने अक्ष पर घूमने की वजह से होता है।

हमारी पृथ्वी में fिदन में केवल एक बार ही सूरज निकलता है और हमें दिन में एक बार ही सुबह जागना पड़ता है। लेकिन एक ऐसा भी ग्रह है जहां पर एक ही दिन में तीन बार सूर्योदय होता है। सोचिए, यदि हम वहां रह रहे होते तब तो शायद बहुत मुश्किल हो जाती। वहां दिन में तीन बार उठकर नहाना, धोना, स्कूल जाना, ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर, और सब कुछ जो भी हम एक दिन में करते हैं| सब तीन-तीन बार करना पड़ता और तो और पक्षियों का चहचहाना, फूलों का खिलना, मुर्गे का बांग देना भी सब तीन तीन बार होता।

आपको लग रहा होगा यह सब ख्वाबों की बातें हो रही हैं पर यह सच है हमारी पृथ्वी से मात्र 340 प्रकाशवर्ष दूर एक ऐसा ग्रह भी है जिस पर तीन बार सूर्योदय और तीन बार सूर्यास्त होता है। यह ग्रह तारामंडल सेंटोरस में स्थित है जो करीब 1.6 करोड़ साल पुराना है। इस नए ग्रह की खोज खगोल वैज्ञानिक अमेरिका में यूनीवर्सिटी ऑफ एरिजोना में सहायक प्रोफेसर डेनियल अपाई तथा उनकी टीम ने मिलकर की है। प्रोफेसर डेनियल अपाई के अनुसार यह ग्रह आज तक खोजे सबसे नये ग्रहों में से एक है। इस ग्रह का द्रव्यमान पृथ्वी और बृहस्पति ग्रह से चार गुना अधिक है।

यह ग्रह तीन तारों की परिक्रमा लगता है और हर दिन इस ग्रह पर तीन बार सूर्योदय और सूर्यास्त देखने को मिलते हैं। इस नए ग्रह को ‘एचडी 131399एबी’ नाम दिया गया है। वैज्ञानिकों के अनुसार हालांकि यह ग्रह विशाल है लेकिन इसका द्रव्यमान ग्रहों की सीमा मे ही है। यह ग्रह मुख्य तारे की परिक्रमा कर रहा है और अपने मातृ तारे से यह करीब 12 अरब किमी दूर है।

इस ग्रह को अपने सूर्य की परिक्रमा करने में पृथ्वी के मुकाबले 550 गुना ज्यादा समय लगता है। यह ग्रह सूर्य से प्लूटो की तुलना में अपने मातृ तारे से दुगनी दूरी पर है लेकिन इसका तापमान 580 डिग्री सेल्सियस आंका गया है जो इसके कम उम्र का होने के कारण अधिक गर्म है। अंतरिक्ष विज्ञानी प्रोफेसर डेनियल अपाई के मुताबिक यह नया ग्रह ‘एचडी 131399एबी’ उन एक्सोप्लेनेट्स में से एक है जिसकी सीधी तस्वीर ली गयी है और यह इस तरह के रोचक गतिशील विन्यास में पहला है। खोजकर्ता टीम में शामिल पीएचडी के छात्र केविन वाग्नेर ने बताया कि यह नया ग्रह एक ऐसे तारे की परिक्रमा करता है जिसकी परिक्रमा एक युग्म में बंधे दो अन्य तारे करते हैं। यह नया ग्रह अब तक खोजे गए ग्रहों में सबसे कम उम्र वाला ग्रह है, इस ग्रह पर भी मिथेन और जलबाष्प मौजूद है।

Related Articles

Back to top button