फीचर्डस्पोर्ट्स

सानिया और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन चैम्पियन बनी

sania-hingis_650x400_51454059630 (1)दस्तक टाइम्स एजेन्सी टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा अपनी कामयाबी के साथ लगातार सातवें आसमान पर हैं। सानिया और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन चैम्पियन बनी है, और कुल मिलाकर यह मिलकर हासिल किया गया उनका तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। सानिया और हिंगिस की वर्ल्ड नंबर वन जोड़ी ने चेक गणराज्य की एंद्रिया लावाच्कोवा और लूसी राडेका की जोड़ी को 7-5, 6-3 से हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया।

सानिया-हिंगिस की जोड़ी ने एक साथ तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम कर लिया है, जिससे उनकी हैट्रिक हो गई है। सानिया खुद भी मानती हैं कि टेनिस में उनके करियर की दूसरी पारी सपनों जैसी रही है। सानिया-हिंगिस की जोड़ी की WTA सर्किट पर यह लगातार 36वीं जीत है। WTA सर्किट पर लगातार 44 जीत का रिकॉर्ड याना नोवोत्ना और हेलेना सुकोवा की जोड़ी के नाम है, जो सानिया-हिंगिस का अगला लक्ष्य हो सकता है।

पहले सेट में करना पड़ा संघर्ष
हालांकि पहले सेट में वर्ल्ड नंबर वन जोड़ी को संघर्ष करना पड़ा और पहले सेट के बाद कंधे की चोट को मालिश से ठीक करवाने की जरूरत भी पड़ी। यही नहीं, पहले सेट के दौरान सानिया एक वक्त मार्टिना हिंगिस का हौसला बढ़ाती भी नजर आईं।

कुल मिलाकर सानिया मिर्जा का यह छठा ग्रैंड स्लैम खिताब है। पूर्व वर्ल्ड नंबर वन मार्टिना हिंगिस के साथ सानिया का यह तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। पिछले साल सानिया-हिंगिस की जोड़ी ने विम्बलडन और यूएस ओपन के खिताब अपने नाम किए थे।

वैसे, सानिया ने पहला ग्रैंड स्लैम खिताब महेश भूपति के साथ वर्ष 2009 में जीता था और फिर भूपति के साथ ही 2012 में फ्रेंच ओपन का खिताब भी जीता। वर्ष 2014 में सानिया ने ब्राजील के ब्रूनो सोआरेस के साथ यूएस ओपन का खिताब जीता था।

सानिया के ग्रैंड स्लैम खिताब

  • 2016 ऑस्ट्रेलियन ओपन – सानिया मिर्जा-मार्टिना हिंगिस
  • 2015 विम्बलडन – सानिया मिर्जा-मार्टिना हिंगिस
  • 2015 यूएस ओपन – सानिया मिर्जा-मार्टिना हिंगिस
  • 2009 ऑस्ट्रेलियन ओपन – सानिया मिर्जा-महेश भूपति
  • 2012 फ्रेंच ओपन – सानिया मिर्ज़ा-महेश भूपति
  • 2014 यूएस ओपन – सानिया मिर्जा-ब्रूनो सोआरेस


सानिया पिछले साल महिला डबल्स में वर्ल्ड नंबर वन खिलाड़ी बनी थीं। सानिया-हिंगिस की जोड़ी भी वर्ल्ड नंबर वन जोड़ी बनी। पिछले साल सानिया ने हिंगिस के साथ नौ और कुल 10 WTA खिताब जीते। पिछले ही साल उन्हें भारत का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेलरत्न मिला था, और इसी साल 26 जनवरी को वह देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मभूषण से नवाज़ी गईं।

2015 में सानिया की कामयाबी का सफर

  • 2015 में सानिया मिर्ज़ा बनीं डबल्स की वर्ल्ड नंबर एक खिलाड़ी
  • 2015 सानिया-हिंगिस की जोड़ी वर्ल्ड नंबर एक बनी
  • 2015 सानिया ने जीते 10 WTA ख़िताब
  • 2015 में मिला था राजीव गांधी खेलरत्न सम्मान
  • 2016 में मिला पद्मभूषण

टेनिस कोर्ट और कोर्ट के बाहर सानिया मिर्ज़ा जिस तरह बुलंदियां छू रही हैं, उससे लगता है कि किसी भी भारतीय खिलाड़ी के लिए उन तक पहुंचना सपना जैसा ही रहेगा।

 

Related Articles

Back to top button