राज्यराष्ट्रीय

सुक्खू क्या हटाएंगे, मैं खुद करती हूं इस्तीफे का ऐलान: सुमन वर्मा

suman vermaधर्मशाला: जिला कांग्रेस अध्यक्ष को विश्वास में लिए बिना कार्यकारिणी भंग करने के मामले में जिला कांगड़ा अध्यक्ष सुमन वर्मा ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। मंगलवार को पत्रकार वार्ता में सुमन वर्मा ने कहा कि वह अपना त्यागपत्र राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी को सौंपेंगी। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रति नाराजगी भी जाहिर करते हुए अनदेखी के आरोप जड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को जिला ब्लाक कार्यकारिणी भंग करने से पहले उन्हें विश्वास में लेना चाहिए था। सुमन वर्मा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पर आरोप लगाया कि शुरू से ही पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष का रवैया कांगड़ा जिला के प्रति ठीक नहीं रहा है। जिस जिला कांगड़ा ने सरकार बनवाने में सबसे अधिक विधायक शिमला पहुंचाए थे, उसी जिला की कार्यकारिणी को भंग करके पार्टी विरोधी काम किया गया। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में सोनिया गांधी से मिलकर सुक्खू की पार्टी और महिला विरोधी नीतियों का कच्चा चिट्ठा भी खोलेंगी। बता दें कि सुमन वर्मा चुनाव के जरिए अध्यक्ष पद पर काबिज हुई थीं।
उन्होंने सुखविंदर सिंह सुक्खू को महिला विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि वह पहली महिला अध्यक्ष बनी हैं, लिहाजा इसी के चलते उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हाईकमान द्वारा महिलाओं को 33 प्रतिशत के आरक्षण की नीति को भी दत्ता बता दिया है। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अगर जिला कांगड़ा की कांग्रेस अध्यक्ष सुमन वर्मा ने अपने पद से त्यागपत्र दिया है तो इसमें उनकी अपनी ही मजबूरी होगी। हमने कांगड़ा जिला के साथ कोई भी भेदभाव नहीं किया है। सभी को विश्वास में लेकर ही कार्य किया गया है।

Related Articles

Back to top button