उत्तराखंडराजनीतिराज्य

सुमित्रा महाजन बोलीं, मेरी नजर में अध्यात्म और राजनीति नहीं अलग-अलग

देहरादून: लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन का कहना है कि उनकी नजर में अध्यात्म और राजनीति कहीं भी अलग नहीं है। जब भी हम आध्यात्मिक यात्रा पर जाते हैं तो मन में राजनीतिक बातें हीं चलती हैं। परमार्थ निकेतन स्वर्गाश्रम आगमन पर पत्रकारों के साथ संक्षिप्त बातचीत में लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऋषिकेश और हरिद्वार से उनका पुराना नाता रहा है। परमार्थ निकेतन उनके लिए नया नहीं है। वो पहले भी यहां आती रही हैं, इतना जरूर है कि वह लंबे समय के बाद यहां आई हैं। 

उन्होंने बताया कि वो यहां भागवत कथा में शामिल होने आई हैं। कुछ दिन शांति से ऐसे माहौल में बैठना भी जरूरी होता है। अपनी यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी नजर में अध्यात्म और राजनीति अलग नहीं है। इस दौरे में भी राजनीतिक लोग मिल रहे हैं। लोकसभा में हंगामा करने वालों के बारे में पूछे जाने पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह तो सदन के भीतर हंगामा करने वालों और नहीं करने वालों को भी हमेशा कुछ ना कुथ कहती रहती हैं। परमार्थ आश्रम में उन्होंने स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल के साथ बैठकर कुछ देर चर्चा भी की। 

आपको बता दें कि लोकसभा अध्यक्ष दोपहर एक बजे जॉलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंची। जहां पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं के उनका स्वागत किया। इसके बाद सुमित्रा महाजन ऋषिकेश के लिए रवाना हो गर्इं। लोकसभा अध्यक्ष शाम को परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में भाग लेंगी। वहीं 12 अप्रैल को वो हरिद्वार के दो आश्रमों में  समय बिताएंगी। जिसके बाद उनका 13 अप्रैल को वापस दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। 

Related Articles

Back to top button