राज्यराष्ट्रीय

सोमवार को मुंबई में शिवसेना से वार्ता कर सकते हैं राजनाथ

Rajnath_Singh (1)नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह महाराष्ट्र में सरकार के गठन को लेकर चर्चा करने के लिए सोमवार को मुंबई पहुंच सकते हैं। वहीं भाजपा और शिवसेना के बीच संभावित गठबंधन को लेकर पर्दे के पीछे बातचीत चल रही है। सिंह भाजपा विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा जो महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होगा। हालिया विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद सिंह को महाराष्ट्र के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। भाजपा को 288 सदस्यीय विधानसभा में 122 सीटें मिली हैं। सूत्रों ने कहा कि सरकार गठन को लेकर भाजपा पिछले दरवाजे से शिवसेना के साथ बातचीत कर रही है। चुनाव से ऐन पहले दोनों दलों के बीच 25 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे आगे बने हुए हैं। हालांकि कुछ और नामों को लेकर भी अटकलें चल रही हैं। उधर, राष्ट्रीय समाज पक्ष के नेता माधव जानकर ने कहा कि उनकी पार्टी एनसीपी के साथ किसी तरह के गठबंधन के पक्ष में नहीं है। आरएसपी को एक सीट मिली है। भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद जानकर ने कहा, हम एनसीपी अथवा कांग्रेस के बिना नई सरकार बनाना चाहते हैं। हम इन दोनों पार्टियों के खिलाफ चुनाव लड़े हैं और उनके भ्रष्टाचार को उजागर किया। एजेंसियां

Related Articles

Back to top button