मनोरंजन

IMDb की ट्रेंडिंग लिस्ट में छाईं 10 मोस्ट अवेटेड फिल्में-सीरीज, जुलाई-अगस्त में मनोरंजन का लगेगा जबरदस्त तड़का

नई दिल्ली: आने वाले हफ्तों में सिनेमाघरों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मनोरंजन का जबरदस्त दौर शुरू होने वाला है। दर्शकों की ऑनलाइन दिलचस्पी और गतिविधियों के आधार पर तैयार IMDb की नई मोस्ट अवेटेड लिस्ट में कई बड़ी फिल्में और वेब सीरीज ने जगह बनाई है। इस सूची में एक्शन, रोमांस, कॉमेडी, बायोग्राफिकल ड्रामा और मिस्ट्री थ्रिलर जैसी कई शैलियों की बहुप्रतीक्षित रिलीज शामिल हैं, जिनका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

सबसे ऊपर अभिनेता यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने अपनी जगह बनाई है। एक्शन-क्राइम ड्रामा पर आधारित यह फिल्म कई बार रिलीज टलने के बाद अब 26 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। शुरुआती झलक सामने आने के बाद फिल्म अपने कुछ दृश्यों को लेकर चर्चा और विवाद दोनों में रही, लेकिन दर्शकों का उत्साह लगातार बना हुआ है।

दूसरे नंबर पर विजय की अंतिम फिल्म

सूची में दूसरे स्थान पर तमिल अभिनेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की फिल्म ‘जन नायगन’ है। यह फिल्म 23 जुलाई को रिलीज होगी और इसे विजय के अभिनय करियर की अंतिम फिल्म माना जा रहा है। पहले इसकी रिलीज जनवरी में प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में तारीख बदल दी गई।

माधवन और इमरान हाशमी की फिल्मों का भी इंतजार

तीसरे स्थान पर आर. माधवन की बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म ‘जीडीएन’ है, जो 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं चौथे स्थान पर इमरान हाशमी की चर्चित फिल्म ‘आवारापन 2’ है, जिसकी रिलीज 14 अगस्त तय की गई है। रोमांटिक ड्रामा और थ्रिलर शैली की यह फिल्म पहले भाग की कहानी को आगे बढ़ाएगी।

डार्क रोमांस से लेकर सस्पेंस तक मिलेगा भरपूर मनोरंजन

पांचवें स्थान पर डार्क रोमांटिक ड्रामा ‘डीसी’ शामिल है, जिसे 7 अगस्त को कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। अलग विषय और नए कथानक के चलते यह फिल्म भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

24 जुलाई रहेगा मनोरंजन प्रेमियों के नाम

24 जुलाई मनोरंजन की दुनिया के लिए खास दिन साबित होने वाला है। इस दिन प्राइम वीडियो पर वेब सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ रिलीज होगी, जिसमें के. के. मेनन और अर्चना पूरन सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

इसी दिन कॉमेडी फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ भी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा मिस्ट्री थ्रिलर ‘इंद्रजाल’ बड़े पर्दे पर दस्तक देगी, जबकि विक्रांत मैसी की रोमांटिक वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी।

कारगिल युद्ध पर आधारित सीरीज भी सूची में शामिल

IMDb की ट्रेंडिंग सूची में नौवें स्थान पर ‘ऑपरेशन सफेद सागर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ कारगिल वॉर’ शामिल है। कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित यह सीरीज 7 अगस्त को रिलीज होगी, जिसमें जिम्मी शेरगिल और अभय वर्मा प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

जुलाई और अगस्त में लगातार होने वाली इन बड़ी रिलीज के चलते दर्शकों को सिनेमाघरों और ओटीटी दोनों प्लेटफॉर्म पर विविध विषयों और शैलियों का भरपूर मनोरंजन मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button