अन्तर्राष्ट्रीयराजनीति

28 साल की गर्लफ्रेंड के साथ ईरान घूमने गये थे नार्वे के 58 साल के मंत्री, प्रोटोकाॅल तोड़ा, देना पड़ा इस्तीफा


ओस्लो : नॉर्वे के फिशरीज मिनिस्टर पेर सेंडबर्ग (58) पूर्व मिस ईरान और गर्लफ्रेंड बहारीह लेटनेस (28) के साथ जुलाई में छुट्टियां मनाने ईरान गए थे। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया था, जिससे उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। दरअसल, नॉर्वे की इंटेलिजेंस एजेंसी चीन और रूस के अलावा ईरान को भी जासूसी कराने वाले देशों की सूची में शामिल करती रही है। सेंडबर्ग ने छुट्टियों को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय में सूचना भी नहीं दी थी। वे अपना सरकारी मोबाइल फोन साथ ले गए थे। इसको लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों उनकी आलोचना कर रहे थे। नॉर्व में प्रोग्रेस पार्टी ने कंजरवेटिव और लिबरल्स के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। प्रोग्रेस पार्टी में सेंडबर्ग दूसरे नंबर पर थे। नॉर्वे की प्रधानमंत्री अरना सोलबर्ग ने कहा कि सेंडबर्ग को इस्तीफा देने के लिए कहा गया था। मुझे लगता है कि ये सही फैसला था। वे एक जिम्मेदार पद पर थे, इसके बावजूद उन्होंने सुरक्षा के मुद्दे पर समझदारी नहीं दिखाई।

मंत्री की गर्लफ्रेंड ने नॉर्वे की नागरिकता पाने के लिए तीन बार आवेदन लगाए थे। तीनों बार ये खारिज कर दिए गए। उन्हें देश से बाहर भी निकाल दिया गया। हालांकि, बाद में उन्हें इस आधार पर नॉर्वे में रहने की इजाजत मिली कि ईरान में उनकी जबर्दस्ती शादी कराई जा सकती थी। लेटनेस ने कई ब्यूटी कॉन्टेस्ट मसलन मिस ईरान 2013, मिस ग्लोब ईरान 2014 और मिस ग्रैंड इंटरनेशनल ईरान में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था। वे दो कंपनियों की मालिक हैं, जिनसे नॉर्वे-ईरान के बीच मछली और गैस का आयात-निर्यात होता है। नॉर्वे के इंटेलिजेंस ने लेटनेस को लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, लेटनेस ने ईरान सरकार से किसी भी तरह के संबंधों से इनकार किया है।

Related Articles

Back to top button