
झज्जर: हरियाणा के झज्जर जिले के गांव मुनीमपुर में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। कुएं में गिरे एक बछड़े को बचाने के प्रयास में एक-एक कर चार लोग कुएं में उतरे, लेकिन अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से सभी का दम घुट गया। लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद चारों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान 41 वर्षीय दलबीर, 41 वर्षीय नरेंद्र, 37 वर्षीय मोनू और प्रवासी मजदूर रामे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बछड़ा कुएं में गिर गया था। उसे निकालने के लिए सबसे पहले एक व्यक्ति नीचे उतरा। उसके बाहर नहीं आने पर अन्य लोग भी एक-एक कर कुएं में उतरते गए, लेकिन जहरीली गैस के कारण सभी बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके।
करीब तीन घंटे चला राहत एवं बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद करीब तीन घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। सभी चारों लोगों को कुएं से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में जहरीली गैस बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुएं के भीतर बड़ी मात्रा में जहरीली गैस भरी हुई थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे मामले का जायजा लिया। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद हादसा है और तमाम प्रयासों के बावजूद चारों लोगों को बचाया नहीं जा सका।
विधायक पहुंचे अस्पताल, पीड़ित परिवारों को दी सांत्वना
हादसे की जानकारी मिलने पर विधायक कुलदीप वत्स भी अपनी टीम के साथ पहले घटनास्थल और बाद में नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
अस्पताल में ग्रामीणों का हंगामा, राहत दल की देरी पर उठाए सवाल
घटना के बाद नागरिक अस्पताल में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच तनावपूर्ण स्थिति भी देखने को मिली। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि राहत एवं बचाव दल समय पर मौके पर पहुंच जाता तो संभव है कि चारों लोगों की जान बचाई जा सकती थी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।



