
नई दिल्ली : राजपथ पर रविवार को प्रथम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित रिकॉर्ड तोड़ योग कार्यक्रम संपन्न होने के कुछ मिनट बाद बारिश शुरू हो गई। राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह बादल छाए हुए हैं। शहर के कुछ इलाकों में बारिश हुई। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिनभर बदली छाए रहने की संभावना जताई है। शहर के कुछ इलाकों में सुबह 8.30 एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘शहर के कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।’’ सुबह 8.30 बजे वातावरण में 65 फीसदी आर्द्रता थी। राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.2 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।



