आधी रात से पेट्रोल 50 पैसे प्रति लीटर सस्ता

दस्तक टाइम्स/एजेंसी-
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में जारी नरमी के मद्देनजर देश में पेट्रोल की कीमतों में 50 पैसे प्रति लीटर की कमी की गई है जो आज मध्य रात्रि से प्रभावी हो जाएगी। पेट्रोल की कीमतों में दो महीने बाद बदलाव किया गया है। इससे पहले 01 अगस्त को इसमें दो रुपए प्रति लीटर (दिल्ली में) की कटौती की गई थी। इस साल 01 अगस्त से अब तक चार बार पेट्रोल के दाम घटाये गये हैं। तेल विपणन क्षेत्र की देश की सबसे बडी कंपनी इंडियन ऑयल कार्पोरेशन ने आज कहा कि 50 पैसे की कटौती के बाद दिल्ली में पेट्रोल का मूल्य 60.70 रुपए प्रति लीटर हो जाएगा। उसने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में कमी और डॉलर की तुलना में रुपए में बदलाव के मद्देनजर पेट्रोल की कीमतों में यह कमी की गयी है। इससे पहले 01 अक्टूबर और 16 अक्टूबर को डीजल की कीमतों में बढोतरी की गई थी जबकि पेट्रोल में कोई बदलाव नहीं किया गया था। इस बार डीजल के दाम अपरिवर्तित रखे गए हैं। तेल विपणन कंपनियाँ हर पखवाड़े तेल की कीमतों की समीक्षा करती हैं।



