नये सत्र में शानदार शुरुआत,पी वी सिंधु ने मलेशिया ग्रां प्री गोल्ड का खिताब किया अपने नाम

दस्तक टाइम्स एजेन्सी/ पेनांग (मलेशिया): विश्व चैंपियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीतने वाली भारत की पी वी सिंधु ने नये सत्र में शानदार शुरुआत करते हुए स्काटलैंड की क्रिस्टी गिलमर को सीधे गेम में हराकर मलेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड का खिताब जीता।
सिंधु का यह मलेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड में दूसरा खिताब है। इससे पहले उन्होंने 2013 में भी यहां जीत दर्ज की थी। उन्होंने पिछले साल नवंबर में मकाउ ओपन ग्रां प्री गोल्ड में खिताबी हैट्रिक पूरी की थी। इस टूर्नामेंट से पहले प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) में सिंधु का अजेय अभियान रहा था। वह गिलमर के खिलाफ शुरू से ही हावी हो गयी। उन्होंने कोर्ट को अच्छी तरह से कवर किया और गलतियां भी कम की।
पहले गेम में सिंधु ने शुरू में ही 5-2 की बढ़त बनायी और इसके बाद अपनी शानदार रणनीति से बढ़त हासिल करना जारी रखा। उनके पास एक समय 12-6 की मजबूत बढ़त थी जो कुछ देर बाद 18-10 हो गयी।
दूसरी तरफ स्काटिश शटलर ने लगातार चार अंक बनाये लेकिन वह किसी भी समय सिंधु को चुनौती नहीं दे पायी जिन्होंने बिना किसी खास प्रयास के पहला गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी सिंधु ने 5-2 की बढ़त से शुरुआत की लेकिन गिलमर जल्द ही बराबरी पर आ गयी। सिंधु ने इसके बाद बेहतरीन खेल का नजारा पेश किया और वह पहले 9-5 और फिर 16-5 से आगे हो गयी। गिलमर ने इसके बाद कुछ प्रयास किये लेकिन इससे वह हार का अंतर ही कम कर पायी।


