ज्ञान भंडार

जम्मू-कश्मीर में दिन में तेज धूप, रात में शीतलहर बरकरार; 9 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मौसम साफ होने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन रात की ठंड अभी भी लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही है। घाटी के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे बने रहने के कारण शीतलहर का असर जारी है।

गुलमर्ग-पहलगाम में कड़ाके की ठंड, सैलानियों को सर्दी का एहसास

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग और पहलगाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन इलाकों में रात का तापमान काफी नीचे चला गया है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी ठंड का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि दिन के समय धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिली है।

9 फरवरी से बारिश और बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 9 फरवरी से जम्मू-कश्मीर के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान घाटी में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वीरवार को कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में दिनभर धूप खिली रही।

दिन का तापमान बढ़ा, रातें अब भी सर्द

राजधानी श्रीनगर में अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में दिन का पारा 7.2 और गुलमर्ग में 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जम्मू संभाग में दिनभर धूप खिली रही, जहां जम्मू में अधिकतम तापमान 22.4 और कटड़ा में 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

माइनस में पहुंचा न्यूनतम तापमान, शीतलहर का असर

रात के तापमान की बात करें तो श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम में माइनस 8.1, गुलमर्ग में माइनस 8.5 और भद्रवाह में माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार माइनस में बने तापमान के चलते शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button